हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। व्रन्दावन में अधिकमास में दी जा रही परिक्रमा में पुलिस प्रशासन की नाकामी से बड़े वाहनों का आवागमन नहीं रुक पा रहा है, जिसके चलते हादसा हो गया। दंडवती परिक्रमा दे रही महिला को कार ने रौंद दिया, जिससे उन्हें कई जगह चोट आई है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना से स्थानीय लोगों का सब्र टूट गया और उन्होंने कार चालक को पकड़कर उसकी धुनाई कर दी। अधिकमास के चलते वृंदावन की तीन कोस की परिक्रमा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। विशेषकर सुबह, शाम और रात के समय परिक्रमा में भारी भीड़ नजर आ रही है, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा परिक्रमार्थियों की सुरक्षा का ख्याल नहीं रखा जा रहा है। ई रिक्शा और बड़े वाहन बेखौफ़ परिक्रमा में दौड़ रहे हैं। पैदल परिक्रमार्थियों के साथ दंडवती परिक्रमा दे रहे लोगों को खतरा उत्पन्न कर रहे हैं। शनिवार को इसी के चलते बड़ा हादसा होने से बच गया। दंडवती परिक्रमा दे रही रुकमणि विहार निवासी प्रियंका अग्रवाल को चामुंडा मंदिर के पास चार पहिया वाहन ने रौंद दिया जिससे उसे मुंह, पैर और हाथों में चोट आई। लोगों द्वारा महिला को सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बताया गया कि चालक ने शराब पी रखी थी। लोगों ने पुलिस को बुला लिया। पुलिस चालक को कार के साथ कोतवाली ले गई।
