• Fri. Nov 27th, 2026

गोवर्धन के गिरिराजजी मंदिर में 45 करोड़ का हेरफेर, खजाने में कितना सोना और चांदी; उठ रहे सवाल

Byvijay.singhal1233

Nov 27, 2026
Spread the love
हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ़ विजय सिंघल
मथुरा। गोवर्धन में गिरिराजजी के दरबार में श्रद्धालु सोना चांदी और नकदी का चढ़ावा अर्पित करते हैं, लेकिन इस दान का पूरा हिसाब आखिर कहां है। जतीपुरा स्थित मुखारविंद मंदिर की वित्तीय व्यवस्था को लेकर उठे सवाल अब गंभीर होते जा रहे हैं। सेवायतों ने मंदिर में दान स्वरूप प्राप्त सोने चांदी, नकदी, बैंक खातों और खर्च का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की है। करीब 45 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय गड़बड़ी के आरोपों के बीच सवाल उठ रहा है कि वर्ष 2015 से लागू रिसीवर व्यवस्था में मंदिर की आय व्यय का पारदर्शी हिसाब श्रद्धालुओं के सामने क्यों नहीं रखा गया । सेवायतों का कहना है कि मंदिर में चढ़ने वाले सोने चांदी का वजन, बिक्री अथवा उपयोग का विवरण और उसका मूल्य सार्वजनिक होना चाहिए। आखिर कितना सोना चांदी प्राप्त हुआ, कहां सुरक्षित रखा गया और मंदिर की व्यवस्था में उसका कितना उपयोग हुआ। श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस दान का हिसाब सार्वजनिक करने में आखिर परेशानी क्या है? शिकायतकर्ता अंकित कौशिक ने आरोप लगाया कि मंदिर के खातों में 75 से 80 करोड़ रुपये होने चाहिए थे, जबकि उपलब्ध जानकारी में करीब 30 करोड़ रुपये ही दर्शाए जा रहे हैं। उन्होंने करीब 45 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि मुख्यमंत्री पोर्टल और उच्चाधिकारियों को बार-बार शिकायत देने के बावजूद संतोषजनक जांच के बजाय रिपोर्ट लगाकर मामले बंद कर दिए जाते हैं। अंकित के अनुसार जुलाई 2024 में उन्होंने 75 लाख 11 हजार रुपये में सेवा का ठेका लिया था और खुली बोली के दौरान पूरी रकम तत्कालीन रिसीवर को जमा करा दी थी।
इसके बावजूद जांच आख्या में 74.95 लाख रुपये जमा और 16 हजार रुपये बकाया दर्शाए गए हैं। उन्होंने इसे शिकायतों के चलते दबाव बनाने की कोशिश बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मंदिर रिसीवर नायब तहसीलदार प्रशांत सिंह के अनुसार कई ठेकेदारों ने ठेका राशि जमा नहीं की है और उन पर करोड़ों रुपये बकाया हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पूरी रकम जमा कराए बिना ही मिलीभगत से सेवाएं आवंटित की जाती हैं। जांच आख्या में रकम जमा न होने पर सेवा निरस्त करने का उल्लेख होता है, लेकिन आज तक एक भी सेवा निरस्त नहीं की गई। सवाल है कि बकायेदारों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई और मंदिर का करोड़ों रुपये का बकाया किसकी जिम्मेदारी है। मंदिर में एक महीने में करीब 57 लाख रुपये खर्च दर्शाए जाने और 45 कर्मचारियों की नियुक्ति पर भी सेवायत सवाल उठा चुके हैं। परिक्रमा मार्ग पर मिट्टी डालने के कार्य और ठेका आवंटन में पारदर्शिता की मांग भी उठाई गई है। अब सवाल सिर्फ 45 करोड़ रुपये की कथित गड़बड़ी का नहीं, बल्कि गिरिराजजी के दरबार में चढ़ने वाले हर रुपये, हर आभूषण और हर ठेके का हिसाब सार्वजनिक करने का है। नायब तहसीलदार प्रशांत सिंह का कहना है कि मंदिर कर्मियों से दान और बकाया ठेकेदारों की सूची तैयार कराई जा रही है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
7455095736
50% LikesVS
50% Dislikes

Leave a Reply

Your email address will not be published.