हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ़ विजय सिंघल
मथुरा। गोवर्धन तहसील परिसर में रजिस्ट्री कार्यालय के उद्घाटन समारोह के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब अधिवक्ताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। अधिवक्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं का जमकर विरोध करते हुए उन्हें तहसील परिसर से बाहर निकाल दिया। इस दौरान भाजपा के मगोर्रा मंडल अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार को अधिवक्ताओं द्वारा धक्के देकर बाहर निकाले जाने का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार रजिस्ट्री कार्यालय के उद्घाटन के दौरान अधिवक्ताओं ने अधिकारियों के समक्ष अपनी विभिन्न मांगें रखीं। इसी बीच किसी बात को लेकर भाजपा के मगोर्रा मंडल अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार और अधिवक्ताओं के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और तहसील परिसर में मौजूद अधिवक्ता एकत्रित हो गए। इसके बाद अधिवक्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और मंडल अध्यक्ष को धक्के देकर परिसर से बाहर निकाल दिया। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की गई। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अधिवक्ताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई गहमागहमी तथा मंडल अध्यक्ष को बाहर निकाले जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है। अधिवक्ता अनूप शर्मा ने बताया कि अधिवक्ता अपनी जायज मांगों को लेकर अधिकारियों के सामने अपनी बात रख रहे थे। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से हस्तक्षेप किया गया, जिसे अधिवक्ताओं ने बर्दाश्त नहीं किया। उन्होंने कहा कि तहसील परिसर में अधिवक्ताओं के सम्मान और उनके अधिकारों के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अधिवक्ता अपनी मांगों को लेकर एकजुट हैं और उनके सम्मान की लड़ाई जारी रहेगी। रजिस्ट्री कार्यालय के उद्घाटन जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान हुए इस घटनाक्रम से तहसील परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वहीं, घटना का वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
7455095736
रजिस्ट्री कार्यालय के उद्घाटन पर गोवर्धन तहसील में हंगामा, भाजपा मंडल अध्यक्ष को धक्के देकर निकाला बाहर
