हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ़ विजय सिंघल
मथुरा। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। अस्पताल परिसरों में साफ-सफाई के साथ मरीजों और उनके परिजनों के बैठने, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था हो। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह निर्देश मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने शनिवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में दिए। बैठक में सीडीओ ने ओपीडी, आइपीडी, जांच सुविधाओं, जननी सुरक्षा योजना, नियमित टीकाकरण, मातृ व शिशु स्वास्थ्य और आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सीएमओ को सरकारी अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीडीओ ने जननी सुरक्षा योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को मिलने वाले भुगतान की समीक्षा करते हुए सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर शत-प्रतिशत भुगतान समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की समुचित देखभाल, नवजात शिशुओं की नियमित निगरानी और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर जोर दिया। सीडीओ ने पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड समय से बनवाने और आभा आईडी जनरेट करने पर भी जोर दिया। उन्होंने 108 और 102 एंबुलेंस मरीजों तक निर्धारित समय में एंबुलेंस पहुंचाने के निर्देश दिए। मातृ व शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को गंभीरता से कार्य करने को कहा। बैठक में सीडीओ डॉ. राधावल्लभ, जिला अस्पताल के सीएमएस नीरज अग्रवाल सहित सभी एसीएमओ और एमओआईसी उपस्थित रहे। संचालन जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम संजय सिंहोरिया ने किया।
7455095736
मथुरा में सरकारी अस्पतालों का हाल सुधारने के लिए सीडीओ ने जारी किए सख्त निर्देश
