• Wed. Aug 19th, 2026

वृंदावन में चामुंडा देवी मंदिर कट के पास साधु की धारदार हथियार से हत्या

ByVijay Singhal

Aug 19, 2026
Spread the love
हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। वृंदावन में चामुंडा देवी मंदिर कट के पास जंगल में एक खंडहर मकान के पास सोमवार देर रात एक साधु की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। साधु को बचाने पहुंचे उसके दो साथियों पर भी हमलावर ने जानलेवा हमला कर दिया। दोनों घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गया। मारुति नगर स्थित प्रेमकुटी निवासी 45 वर्षीय राघव रास उर्फ वटूर के रूप में हुई है। वह मूलरूप से इटावा जिले के बहादुरपुर के रहने वाले थे। करीब पांच साल से वृंदावन में साधु के रूप में रह रहे थे। उन्होंने प्रेम दास को अपना गुरु बनाया था। पुलिस ने मृतक के भाई और बहन से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन इटावा से वृंदावन पहुंचे और शव की पहचान की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, राघव रास दिन में रावल गए थे। रात में रावल निवासी 45 वर्षीय शिवराम उन्हें बाइक से चामुंडा देवी मंदिर कट के पास छोड़ने आया था। दोनों वृंदावन-मांट मार्ग से नीचे जंगल में बने खंडहर मकान के पास पहुंचे थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति से साधु और शिवराम का विवाद हो गया। शोर सुनकर साधु का तीसरा साथी मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ निवासी 32 वर्षीय अर्जुन भी मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि विवाद के दौरान अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से राघव रास के गले और सीने पर वार कर दिए। वह लहुलुहान हो गए और गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। साधु को बचाने के लिए अर्जुन और शिवराम आगे आए तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। अर्जुन पर धारदार हथियार से तीन वार किए गए। उसकी आंख की पुतली, होंठ और कमर में चोट आई और शिवराम के शिवराम के हाथ में। हमले के बाद आरोपी भाग निकला। घायल अर्जुन किसी तरह घटनास्थल से निकलकर करीब सौ मीटर दूर चाय की दुकान तक पहुंचा। वहां से गुजर रहे राहगीर ने उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को जानकारी दी। घायल अर्जुन से पुलिस ने जानकारी जुटाई है। वहीं शिवराम को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और वह घर चला गया। उसके बारे में पुलिस पता लगा रही है।
7455095736
Vijay Singhal
Author: Vijay Singhal

50% LikesVS
50% Dislikes

Leave a Reply

Your email address will not be published.