हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। जनपद के माध्यमिक विद्यालयों में अब परिषद की ओर से अधिकृत पाठ्यपुस्तकों के अलावा कोई अन्य अनाधिकृत किताब नहीं पढ़ाई जा सकेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने इस संबंध में जनपद के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और वित्त विहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। डीआईओएस राघवेंद्र सिंह ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में केवल अधिकृत मुद्रकों की ही पुस्तकें संचालित होंगी। कुछ विद्यालयों की ओर से अनधिकृत किताबें लगवाकर अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाला जा रहा है, जो स्वीकार्य नहीं है। छात्रों को पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए 13 जुलाई 2026 को सुबह 10:00 से शाम 04:00 बजे तक वीडीपी राजकीय इंटर कॉलेज, मथुरा में पुस्तक विक्रय शिविर लगाया जाएगा। इसमें कक्षा 9 व 12 के लिए मेसर्स पायनियर प्रिंटर्स (आगरा), कक्षा 11 के लिए मेसर्स सिंघल एजेंसीज (लखनऊ) और कक्षा 10 के लिए मेसर्स पीताम्बरा बुक्स (झांसी) द्वारा निर्धारित मूल्य पर पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, छात्र बिना किसी अतिरिक्त डिलीवरी शुल्क के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी कक्षा 9 व 10 के पुस्तक-सेट घर बैठे मंगा सकते हैं। सभी प्रधानाचार्यों को इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने और स्कूलों में ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
