हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा के जवाहर बाग से सनसनीखेज मामला सामने आया। औरंगाबाद क्षेत्र की ओर स्थित एक पेड़ पर अज्ञात युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। जानकारी के अनुसार, सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की नजर पेड़ पर लटके शव पर पड़ी। शव दिखाई देते ही लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव में कीड़े पड़ चुके थे और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि युवक की मौत कई दिन पहले हुई होगी। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कर रही है और शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
