हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। एचडीबी फाइनेंस कंपनी को सीनियर सेल्स ऑफीसर लोन बांटने जरिए चूना लगाता रहा और किसी को खबर तक नहीं लगी। आधार कार्ड और पैन कार्ड हासिल कर मर चुके लोगों के नाम पर लोन स्वीकृत कर रकम निकाल ली गई। किस्तें जमा न होने पर जब वसूली टीम बकाएदारों के घर पहुंची, तब खेल सामने आया।सीनियर सेल्स ऑफीसर के खिलाफ 60 लाख रुपये से अधिक के गबन का मुकदमा दर्ज कराया है। कंपनी के विधिक सलाहकार रवि ठाकुर ने बताया कि एचडीबी फाइनेंस कंपनी नए और पुराने वाहनों पर ऋण उपलब्ध कराती है। इस कंपनी में मांट के मनीगढ़ी बांगर पैगलतू निवासी राजकुमार ने 11 अक्टूबर 2023 से छह अगस्त 2025 तक कोसीकलां शाखा पर सीनियर सेल्स आफिसर के पद पर रहते हुए वित्तीय अनियमितताएं कीं। राजकुमार ने ट्रैक्टर स्वामियों के नाम पर फर्जी तरीके से लाखों रुपये का ऋण बांट दिया। इसमें ट्रैक्टर स्वामियों के आधार कार्ड व पैन कार्ड के साथ उनकी जन्मतिथि और फोटो बदलकर ऋण अपने खास लोगों को दे दिए। ऐसे लोगों को भी ऋण बांट दिया, जो जीवित ही नहीं हैं। जब टीम बकाएदारों के घर पर वसूली के लिए गई तो हकीकत जान दंग रह गई। नौहझील क्षेत्र के तिलकगढ़ी निवासी हीरा सिंह के नाम से 4.57 लाख रुपये का ऋण दिया गया, जिसमें उनकी फोटो अलग थी। वहीं महेंद्री देवी की जन्मतिथि और फोटो बदलकर 6.67 लाख रुपये का ऋण दिया गया। ओमप्रकाश को 5.52 लाख, कुंवरपाल को 6.42 लाख रुपये का ऋण दिया गया। जिन तिथियों में लोन स्वीकृत किया गया, उससे पहले इनकी मौत हो चुकी थी। इसी तरह नौहझील क्षेत्र के ही मुकेश को 5.41 लाख, जगदीश को 7.17 लाख रुपये, सुभाष को 6.17 लाख, फूल सिंह को 6.85 लाख, रघुवीर चौधरी को 5.23 लाख और सियाराम को 5.72 लाख रुपये का ऋण दिया गया। लेकिन इनके बारे में कोई जानकारी ही नहीं मिली। एसएसपी ने जांच सीओ आइपीएस आशना चौधरी को सौंपी। सीओ ने जांच पूरी करने के बाद 18 मई को थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज कराया।
