हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। सुरीर में यमुना एक्सप्रेसवे पर स्टेयरिंग फेल होने से कार आगे चल रही केनरा बैंक की कैश वैन से टकरा गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार छह लोग घायल हो गए। वैन में रखा कैश सुरक्षित है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। साथ ही क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को यार्ड में सुरक्षित खड़ा कराया है। हरियाणा के फरीदाबाद निवासी प्रिया और निशा सोमवार सुबह अपनी कार से नोएडा से आगरा की ओर जा रहे थे। कार को उनका चालक तुषार मलिक चला रहे थे। सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 83 के समीप अचानक स्टेयरिंग फेल होने से अनियंत्रित कार आगे चल रही केनरा बैंक की कैश वैन में टकरा गई। इससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें सवार चालक तुषार मलिक, प्रिया व निशा के अलावा कैश वैन चालक दिनेश निवासी टूंडला फिरोजाबाद, अंकित और दीपसिंह निवासी फाउंड्रीनगर आगरा चोटिल हो गए। शुक्र है कि वैन के कैश लाकर को कोई नुकसान नहीं हुआ है। 15 मिनट बाद पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से राया कट स्थित यार्ड पर भिजवा दिया। सीओ मांट संदीप सिंह ने बताया कि वैन में रखा कैश सुरक्षित है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। प्रार्थना-पत्र मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
