हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक महिला को भारी पड़ गई। महावन थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला ने इंस्टाग्राम पर बने दोस्त के लिए तीन अलग-अलग लोगों से क्यूआर कोड पर लाखों रुपये डलवा दिए। पैसे वापस न मिलने पर पीड़ितों ने महिला को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे पूजा पत्नी राहुल, निवासी जाटव मोहल्ला औरंगाबाद, महावन थाना के पास स्थित एक जनसेवा केंद्र पर पहुंचीं। वहां केंद्र संचालक रामू से उन्होंने कहा कि एक क्यूआर कोड पर एक लाख पांच हजार रुपये डालने हैं और वह नकद भुगतान तुरंत कर देंगी। रामू के खाते में 43 हजार रुपये थे, जो उसने डाल दिए। इस दौरान रामू का दोस्त शिवप्रकाश भी वहीं बैठा था। पूजा ने उससे भी अनुरोध किया और उसने अपने खाते से 35 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसी बीच पूजा ने पास में ही दिलीप की मोबाइल की दुकान से भी 27 हजार रुपये डलवा दिए। कुल मिलाकर तीनों लोगों से एक लाख पांच हजार रुपये ट्रांसफर करवा दिए गए। जब तीनों ने पूजा से नगद रुपये मांगे तो वह टालमटोल करने लगी। कहने लगी कि उसका भाई बैंक से पैसा निकालकर लाता है। काफी देर इंतजार के बाद भी कोई नहीं आया, तो पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को थाने ले आई। पूजा ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि करीब दो महीने पहले उसकी इंस्टाग्राम पर मलेशिया में रहने वाले अभिषेक शर्मा नामक व्यक्ति से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही। अभिषेक ने कुछ पैसों की आवश्यकता बताई, जिसके चलते उसने उसके लिए यह रकम डलवाई। थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार ने बताया कि महिला ने तीन लोगों से क्यूआर कोड के जरिए एक लाख पांच हजार रुपये ट्रांसफर करवाए। पीड़ित रामू ने महिला के खिलाफ लिखित शिकायत दी है, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
