हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। श्रीधाम वृंदावन में उमड़े श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण शहर में भीषण जाम की स्थिति निर्मित हो गई। सुबह सात बजे से ही सड़क पर जाम के हालात बनने लगे। स्कूली बच्चों की गाड़ियां भी जाम में फंस गईं, जिस कारण वह देर से स्कूल पहुंच सके। दिनभर वाहन चालक एक दूसरे पर झल्लाते हुए नजर आए। जानकारी के अनुसार, सावन के महीने की एकादशी पर भारी संख्या में श्रद्धालु वृंदावन पहुंचे। इनमें भी बड़ी संख्या परिक्रमा करने वालों की थी, लेकिन इस संभावित भीड़ को संभालने के लिए न तो ट्रैफिक पुलिस की कोई ठोस योजना दिखी और ना ही जिला प्रशासन की कोई व्यवस्था नजर आई। नतीजतन, सड़कों पर अराजकता का माहौल बन गया। सुबह के समय स्थिति और गंभीर हो गई, जब स्कूल बसें भी जाम में फंस गईं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि परिक्रमा मार्ग के पास पक्के पुल से उतरने वाले मार्ग पर ट्रक, बसें और अन्य भारी वाहन बेधड़क दौड़ते रहे। इसने न केवल श्रद्धालुओं की परेशानी को बढ़ाया, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए। स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि प्रशासन को पता होना चाहिए था कि एकादशी जैसे पर्व पर वृंदावन में भारी भीड़ उमड़ती है। उसे देखते हुए ट्रैफिक और सुरक्षा की पूर्व तैयारी होनी चाहिए थी।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
