हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। जिले में यात्री वाहनों में सवारियों की जान से खिलवाड़ का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले के प्रमुख मार्गों पर लगातार ओवरलोड वाहन बेखौफ दौड़ रहे हैं। इन वाहनों में सवारियां भी निर्धारित सीमा से अधिक बैठाई जा रही हैं। हैरत की बात तो यह है कि जिम्मेदारों के सामने से यह ओवरलोड वाहन गुजर रहे हैं, लेकिन फिर भी कार्रवाई शून्य है। बता दें कि तीन अगस्त को गोंडा जिले में एक एसयूवी कार में 16 लोग सवार होकर जा रहे थे। बारिश के दौरान कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी और उसमें सवार 11 लोगों की मौत हो गई। ऐसे हादसों के बाद भी जिले में ओवरलोड वाहनों में सवारियों की संख्या कम नहीं हुई है। शहर से लेकर कस्बा तक में यात्रियों की जान खतरे में डालकर यात्री वाहन सड़कों पर फर्राटे भर रहे हैं। इधर, शहर में बिना परमिट के भी सैकड़ों वाहन सवारियां बैठाकर दौड़ रहे हैं। नए बस स्टैंड के पास बीएसए कॉलेज के सामने से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में ओवरलोड सवारियां बैठाकर चालक तेज रफ्तार में जा रहा था। जबकि, यहां से थोड़ी ही दूरी पर ट्रेफिक पुलिस के जवान तैनात थे। बावजूद इसके किसी ने ट्रैक्टर चालक को रोकना जरूरी नहीं समझा। वहीं, शहर के लोगों का कहना है कि सड़कों पर थ्री व्हीलर वाहन भी सात-आठ से ज्यादा सवारियां लेकर दौड़ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि यह लोग भूसे की तरह सवारियां तो भरते ही हैं। साथ ही किराया भी मनमाना वसूलते हैं। शहर में सौंख रोड, महोली रोड, वृंदावन रोड, भूतेश्वर रोड, गोवर्धन चौराहा रोड, छाता रोड के अलावा अन्य मार्गों पर डग्गामार वाहन ओवरलोड सवारियां लेकर बेखौफ होकर दौड़ रहे हैं। मनोज कुमार यादव, एसपी यातायात ने कहा, अभियान चलाकर डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, इसकी तैयारी की जा रही है। शहर के हर प्रमुख मार्ग पर ऐसे ओवरलोड वाहनों चेकिंग होगी।
7455095736
Author: vijay.singhal1233
50% LikesVS
50% Dislikes
