यूपी 112 मथुरा में प्रतिदिन करीब 250 लोगों तक अपनी सेवा पहुंचाती है। इसमें कहीं झगड़े की, कहीं हादसे में घायल की, कहीं मदद करने के लिए जैसे ही कॉल आती है यूपी 112 तत्काल मौके पर पहुंच जाती है और मदद करती है। यूपी 112 पूरे हफ्ते 24 घंटे लोगों की मदद के लिए तैयार रहती है। यूपी पीआरवी का दावा है कि ज्यादा से ज्यादा मामलों में उनकी टीम दस मिनट में मौके पर पहुंच जाती है। नव वर्ष के अवसर पर आम नागरिकों को उत्तर प्रदेश पुलिस की विभिन्न जनपयोगी सेवाओं जागरूक करने के उद्देश्य से मथुरा में श्री कृष्ण जन्मभूमि मन्दिर के पास व इस्कॉन मन्दिर के पास पर स्टॉल लगाये गए। इन स्टॉल के माध्यम से दिनांक 30 दिसंबर से 2 जनवरी तक यूपी-112 की सेवाओं के प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता अभियान चलाया गया। जिसमें महिलाओं,पुरूष एवं बच्चों को यूपी-112 के ब्रांडिग वाले स्टिकर,एटीएम कवर,पम्पलेट्स,कैलेन्डर आदि सामग्री वितरित की गई।
नव संकल्प उठाएं, दूसरों की मदद को आगे आएं स्लोगन के साथ किया जागरूक
अभियान के तहत नव वर्ष के अवसर पर नव संकल्प उठाएं, दूसरों की मदद को आगे आएं, इस सन्देश के साथ यूपी-112 के कर्मियों ने स्टॉल पर नागरिकों को पुलिस की सेवाओं से जागरूक किया। पुलिस कर्मियों ने बुजुर्गों और महिलाओं से भी संवाद कर उनसे 112 की सवेरा और नाइट एस्कोर्ट सेवा की जानकारी साझा की । इस मौके पर यूपी-112 द्वारा मित्र पुलिसिंग का सन्देश दिया और बताया कि पुलिस कैसे मित्र बनकर मदद करती आ रही है। यूपी पुलिस की आपातकालीन सेवाओं के बारे में जागरूक करने के लिए दो पहिया और चार पहिया वाहन पीआरवी भी तैनात किये गए। जिससे नागरिक जान सकें कि आपातकालीन सेवा कैसे काम करती है। बच्चों को कॉमिक बुक में घटनाओं के माध्यम से 112 की योजनाओं की जानकारी दी गयी है। कॉमिक में छोटे-छोटे स्लोगन जैसे “डरने की नहीं है बात 112 है आपके साथ”, “फोन उठायें 112 मिलाए लिखे गए हैं।
