जिलाधिकारी ने चिकित्सा कर्मियों को निर्देश दिए कि मरीजों का समय-समय पर बीपी, बुखार और अन्य संबंधित समस्याओं की जांच करते रहें। दवा वितरण केंद्र पर उन्होंने एक्सपायरी दवाओं का विशेष ध्यान रखते हुए समय रहते वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डिजिटल एक्स-रे और पैथोलॉजी सेवाओं की गुणवत्ता को जांचते हुए, उन्होंने रिपोर्ट की समयबद्धता और दैनिक जांच की संख्या की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने अस्पतालों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था और समय पर जांच रिपोर्ट और दवाएं उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। सीएमएस ने डीएम को बताया कि मरीजों को अधिक से अधिक लाभ देने के लिए 50 बेड का अलग से एक हॉल सरकार द्वारा बनाया जा रहा है उसमें अच्छी क्वालिटी की व्यवस्था होगी। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की भी यहां तबियत बिगड़ जाती है उनको भी अच्छी सुविधा मिले ऐसी सरकार की मंशा है। जिलाधिकारी ने मरीजों को दिये जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को जांचा तथा खाने के मैन्यु की जानकारी ली और सीएमएस को निर्देश दिये कि मरीजों को समय पर भोजन एवं दवायें उपलब्ध करायी जायें। इसके अलावा अस्तपाल की रंगाई पुताई कराई जाये तथा अस्पताल की साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाये। निरीक्षण में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही, डिप्टी कलेक्टर अजीत सिंह, सीएमएस मुकुल बंसल, जिला सूचना अधिकारी प्रशांत कुमार सुचारी, डॉ सिद्धार्थ, डॉ अमन आदि मौजूद रहे।
