हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवम निगरानी समिति ( दिशा) की बैठक आयोजित हुई। सांसद हेमा मालिनी की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक में हेमा मालिनी ने जिले में चल रहे विकास कार्यों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी लेते हुए जल्द से जल्द कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। सांसद श्रीमती हेमा मालिनी ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक ली। बैठक में अधिकारियों ने उनको बताया कि प्रधानमंत्री सड़क योजना में दस कार्यों में से 7 कार्य पूरे हो गये तथा तीन पर कार्य चल रहा है। जिस पर सांसद ने सड़कों के कार्य को शीघ्र पूरा कर जनप्रतिनिधियों से लोकार्पण कराने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी पुलकित खरे ने सांसद को सड़कों कि सड़कों की गुणवत्ता के लिए दूसरे विभागों के अभियंता से चेकिंग करायी जा रही है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि यदि किसी सड़क का सैंपल लिया जाता है, तो उसके मलबा को शीघ्र हटवा लिया जाये, जिससे आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
ड्रिप और स्पिंकलर सिंचाई योजना का लाभ दिलाएं
बैठक में सांसद हेमा मालिनी ने जिला उद्यान अधिकारी को निर्देश दिये कि ड्रिप एवं स्पिंकलर सिंचाई योजना से अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित करें। उप कृषि निदेशक को निर्देश दिये कि बीमा कम्पनी के पदाधिकारियों से वार्ता कर अतिवृष्टि से हुए नुकसान के भुगतान की कार्यवाही में तेजी लायें। उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिये कि रोजगार मेला एवं प्रशिक्षण कैंप का आयोजन तहसील स्तर पर भी कराया जाये तथा कार्यक्रम से पूर्व में प्रचार प्रसार कराकर अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार व प्रशिक्षण दिया जाये। बैठक में दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने जानकारी दी कि दिव्यांग पेंशन के अन्तर्गत 14965 लाभार्थियों को पहली किश्त प्रदान कर दी गई है। सांसद ने निर्देश दिये कि नये आवेदनों को सत्यापन शीघ्र कर लिया जाये और विभाग द्वारा चलायी जा रही योजनाओं से लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाये। समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि विभाग द्वारा चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं से लाभ मिलने वाले लाभार्थियों को अपना आधार लिंक कराना लाभ पाने के लिए आवश्यक है, यदि किसी लाभार्थी का आधार लिंक नहीं होगा, तो उसे योजना का लाभ नहीं मिल पायेगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि सभी पात्र लाभार्थियों के आधार लिंक का कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें तथा उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वे अपने अपने क्षेत्रों में लोगों को आधार लिंक कराने के लिए प्रेरित करें।
ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की समस्या का हो जल्द निस्तारण

जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिये कि ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की समस्या को शीघ्रता के साथ निस्तारण कराया जाये तथा कार्य योजना बनाकर ऐसा विकास किया जाये, जिससे जल भराव की समस्या उत्पन्न न हो। सफाई कर्मी गांव गांव जाकर सफाई करें। जिलाधिकारी ने बैठक में अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण का वेतन रोकने के निर्देश दिये तथा जल निगम ग्रामीण को निर्देश दिये कि जो कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उनका सत्यापन कराया लिया जाये कि वे चलती हालत में हैं या नहीं। खनन अधिकारी को निर्देश दिये कि ओवर लोडिंग व अवैध खनन के कार्यों में अंकुश लायें तथा अभियान चलाकर कार्य करें। मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिये कि वे सीएचसी एवं पीएचसी का निरीक्षण करते रहें और डॉक्टरों की उपस्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाये, यदि कोई डॉक्टर उपस्थित नहीं है, तो संबंधित डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाये। सांसद ने पीकू वार्ड के संबंध में समीक्षा की। जिस पर सीएमओ ने बताया कि अब तक 35 बच्चों का पंजीकरण किया गया है तथा एसएनसीयू में कार्यरत स्टाफ द्वारा पीकू वार्ड में नियमित रूप से कार्य किया जा रहा है। सांसद हेमा मालिनी ने किसानों की भूमि अधिग्रहण करने के कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए जिला प्रशासन एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की सराहना की। रेलवे के अधिकारियों को निर्देश दिये कि श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था पर्याप्त करें, जहां आवश्यकता है वहां लिफ्ट लगाई जाये। पर्यटन विभाग के अधिकारी को निर्देश दिये कि कार्य योजना बनायें, जिससे पूरे मथुरा में जगह जगह सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाये। इंडियन ऑयल कॉपरेशन लिमिटेड के उप महाप्रबंधक राकेश मल्हौत्रा को निर्देश दिये कि सीएसआर फण्ड का प्रयोग वचित ग्राम के विकास के लिए किया जाये, जिसमें मूलभूत सुविधायें दी जायें बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह, विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, विधायक माट राजेश चौधरी, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, जिलाधिकारी पुलकित खरे, मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना, डीएफओ रजनी कांत मित्तल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विजय शंकर दुबे, अपर नगर आयुक्त क्रान्ति शेखर सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अजय कुमार वर्मा, पीडी अरूण कुमार उपाध्याय, जिला पंचायत राज अधिकारी किरन चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 अभिनव मिश्र, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विजय लक्ष्मी मौर्या, समाज कल्याण अधिकारी नगेन्द्र पाल सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी सतीश कुमार मिश्र सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
