हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। थाना राया क्षेत्र के गांव गजू के समीप बरेली- हाईवे पर गुरुवार को भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। खेत में काम कर रहे परिवार के तीन सदस्यों को तेज रफ्तार कार ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार गांव गजू निवासी जवाहर सिंह, उनके पुत्र हरवीर और नाती खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान बरेली-मथुरा हाईवे से गुजर रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसी और तीनों को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार खेत में करीब 300 मीटर तक जाने के बाद रुकी। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बरेली-मथुरा हाईवे पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने लापरवाह वाहन चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग उठाई। हाईवे पर जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए तथा मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं मांट क्षेत्र के विधायक राजेश चौधरी भी मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया।
7455095736
कार ने परिवार के तीन लोगों को रौंदा, दर्दनाक मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम
