हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा में बढौता मार्ग पर SOG और पुलिस की दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। बदमाशों ने खुद को घिरते हुए देखा, तो पुलिस पर गोली चला दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। गोली एक बदमाश के पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया। उसकी पहचान गोवर्धन उर्फ कुल्ली के रूप में हुई है। वह चौमुंहा का रहने वाला है। उसका दूसरा साथी रामवीर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। 25 अगस्त को दोनों अपहरणकर्ताओं ने जमीन के लिए दिनदहाड़े 6 साल के बच्चे का अपहरण किया था। घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, बच्चे का बैग और तमंचा बरामद कर लिया गया है। मामला थाना जैत इलाके का है। चौमुंहा के रहने वाले बच्चू सिंह पेशे से किसान हैं। उनकी 8 साल की बेटी और 6 साल का बेटा भानु है। दोनों बच्चे सरस्वती विद्या मंदिर में पढ़ते हैं। शनिवार को दोनों बच्चे स्कूल गए थे। स्कूल से छुट्टी होने पर दोनों भाई-बहन वापस घर लौट रहे थे। घर से 100 मीटर पहले नकाबपोश दो बाइक सवार बदमाश भानु को जबरन बाइक पर बैठाकर भाग गए। बच्ची दौड़कर घर पहुंची। उसने बताया कि बाइक से दो लोग आए। वो मुंह पर कपड़ा बांधे थे। दोनों भाई को बाइक पर बीच में बैठाकर ले गए। मैंने रोकने की कोशिश की, लेकिन वो भाग गए। इसके बाद बच्चू ने मामले की सूचना पुलिस को दी। एसएसपी शैलेश पांडे ने बच्चे की बरामदगी के लिए 4 टीमें बनाई थी। पुलिस ने कॉम्बिंग शुरू की। सीसीटीवी के जरिए बदमाशों को ट्रेस करना शुरू किया। खुद का घिरता देख बदमाश बच्चे को थाना शेरगढ़ के पैगांव के जंगलों में छोड़कर भाग गए। पुलिस कॉम्बिंग करते हुए जंगल में पहुंची और बच्चे को बरामद कर थाना जैत लाई। बच्चे का मेडिकल कराने के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया था। पुलिस पूछताछ में घायल बदमाश गोवर्धन ने बताया कि वारदात का मास्टरमाइंड रामवीर है। रामवीर बच्चू की जमीन खरीदना चाहता था। जिसके लिए उसने किसी डीलर से एक लाख रुपए एडवांस भी ले लिए थे। बच्चू खेत बेचना नहीं चाहता था। बच्चू पर दबाव बनाने के लिए रामवीर ने गोवर्धन के साथ मिलकर भानु का अपहरण कर लिया। लेकिन तेजी से हुई पुलिस कार्यवाही की वजह से अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि बच्चे के अपहरण के मामले में पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही थी। सोमवार को उनके बारे में सूचना मिली थी। जिसके बाद बदमाशों की बताई गई लोकेशन पर पुलिस पहुंची तो दोनों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसके जवाब में पुलिस ने फायरिंग की। जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
