• Fri. Jul 3rd, 2026

वृंदावन में परिक्रमा मार्ग में आया पानी, मथुरा में डीएम ने किया नाव से निरीक्षण

ByVijay Singhal

Jul 13, 2023
Spread the love
हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। हथिनी कुंड बैराज से यमुना में छोड़े जा रहे पानी के कारण वृंदावन में यमुना अब परिक्रमा मार्ग तक पहुंच गई है। यहां यमुना का पानी 3 फीट से ज्यादा तक भर गया है। चीरघाट से केशीघाट की तरफ जाने वाले परिक्रमा मार्ग में पानी आ जाने के कारण यहां से रास्ता बंद हो गया है। श्रद्धालुओं को अब वृंदावन की परिक्रमा 1 किलोमीटर घूम कर लगानी पड़ रही है। यमुना के जल में हुई बढ़ोतरी को देखते हुए यमुना के भक्त खुश हैं। श्रद्धालु यमुना के इस स्वरूप के दर्शन करने के लिए घाटों पर पहुंच रहे हैं। यमुना किनारे पहुंच रहे श्रद्धालु यमुना जी का पूजन अर्चन कर आरती कर रहे हैं। यमुना के जल में हुई बढ़ोत्तरी से नाविक भी खासे उत्साहित हैं। नाविक गोपी ने बताया कि यह स्वरूप यमुना जी का हमेशा बना रहे। वृंदावन में यमुना इसी तरह बहती रहे। मथुरा में यमुना के जल में प्रति घंटे 2 सैंटीमीटर यानि करीब 1000 क्यूसेक से ज्यादा जल बढ़ रहा है। गोकुल बैराज पर बुधवार की देर शाम अप में यमुना का जलस्तर 163.20 व डाउन में 163.15 मीटर था। यहां से प्रति घंटे आगरा की तरफ 46 हजार 433 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। यमुना के जल में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए डीएम पुलकित खरे प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निरीक्षण करने के लिए गोकुल बैराज और उसके आसपास के घाटों पर पहुंचे। डीएम ने यहां यमुना किनारे रहने वाले ग्रामीण,नाविक और गोताखोरों से बातचीत की और समस्याओं की जानकारी ली। डीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से यमुना जी के जलस्तर के बारे में जानकारी ली और फिर नाव से दौरा किया। डीएम पुलकित खरे ने बताया कि यमुना का जलस्तर अभी सामान्य है घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन की टीम घाटों और गांव का निरीक्षण कर रही है। बच्चे,महिला और बुजुर्ग यमुना की तरफ न जाएं। डीएम ने बताया कि यमुना किनारे के गांव में बाढ़ चौकी बनाई गई हैं जहां 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। बाढ़ चौकी पर मजिस्ट्रेट रात में निरीक्षण करेंगे। यमुना में संभावित बाढ़ को देखते हुए मुख्यालय के अलावा 4 तहसीलों में बाढ़ कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। डीएम ने कहा किसी भी प्रकार की समस्या आने पर बाढ़ कंट्रोल रूम को सूचना दें जिससे निस्तारण किया जा सके।

1- बाढ कंट्रोल रूम मुख्यालय- 0565-2974934, 0565-2972962

2- तहसील माट बाढ कंट्रोल रूम – 05663-299101

3- तहसील सदर बाढ कंट्रोल रूम- 0565-2470742, 9758199483, 9412659447

4- तहसील महावन बाढ कंट्रोल रूम – 05661-297004, 9457417233, 8630853240

5- तहसील छाता बाढ कंट्रोल रूम – 8266814502

7455095736
Vijay Singhal
Author: Vijay Singhal

50% LikesVS
50% Dislikes

Leave a Reply

Your email address will not be published.