मथुरा। कोसीकलां में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र का सीमा विस्तार जल्द ही होगा। इसके लिए शासन से औपचारिकताएं पूरी करा दी जाएंगी। उन्होंने प्रथम बोर्ड बैठक में बाहरी काॅलोनियों को पालिका में शामिल किए जाने के प्रस्ताव का स्वागत किया। बोर्ड बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि नगर के विकास के लिए प्रदेश सरकार से हरसंभव सहयोग दिलाया जाएगा। फिर चाहे किसी भी विभाग का काम क्यों न हो। जिसका सभी सभासदों ने तालियां बजाकर स्वागत किया। नगर पालिका कार्यालय में पहली बोर्ड बैठक चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल की अध्यक्षता में दोपहर एक बजे शुरू हुई, जिसमें 25 वार्डों में नाली निर्माण, इंटरलॉकिंग व सीसी रोड निर्माण के लिए 26 करोड़ रुपये व अन्य कार्यों के लिए कुल 40 करोड़ रुपये के प्रस्ताव रखे गए। जिन्हें सभी सभासदों ने सहमति दी। इसके अलावा पशु पैंठ में हुलिया शुल्क में वृद्धि की गई। अव्यवस्थित क्षेत्र में अस्थायी अतिक्रमण करने वाले, प्रतिबंधित क्षेत्र में रेहड़ी लगाने पर जुर्माना वसूल किए जाने का प्रस्ताव पास किया गया। इसके अलावा सवा करोड़ की लागत से पशु पैंठ की चहारदीवारी एवं सौंदर्यीकरण कराने का निर्णय लिया। बैठक में सभासद पूजा, विष्णु, ममता, सद्दाम, ज्योति, राजरानी, विनय कुमार, रीनू, अनिल, विक्रम योगेश कुमार, रश्मिी अग्रवाल, मनीष जैन, धर्मेंद्र सैनी, लोकेश गर्ग, सूमियां, संगीता, दीपक, हरिओम, कैलाशचंद, बुसरा, टिंकुर अग्रवाल, मनीष कुमार, जरीन, ईओ उमेश मिश्रा, जेई जल विकास चौहान, कर अधीक्षक अनिरूद्ध भारती, स्वास्थ्य निरीक्षक राजीव यादव, योगेंद्र शर्मा, मोहन श्याम, राजवीर सिंह आदि उपस्थित थे।
बोर्ड बैठक में ये प्रस्ताव हुए पास
– घंटाघर के जीर्णोद्धार के लिए सात लाख रुपये, पार्कों के सौंदर्यीकरण के लिए सात लाख रुपये, गोशाला एवं नंदीशाला के निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये, श्मशान स्थलों के जीर्णोद्धार के लिए 40 लाख, गोमती व रत्नागर सरोवर के सौंदर्यीकरण के लिए 80 लाख रुपये, नगर पालिका के नए भवन निर्माण के लिए सवा चार करोड़ रुपये, गांधी पार्क में पानी की टंकी के लिए 90 लाख रुपये, नई पाइपलाइन जोड़ने के लिए एक करोड़ 14 लाख रुपये, नाला सफाई के लिए 61 लाख रुपये, स्ट्रीट लाइट के लिए 20 लाख रुपये व चेयरमैन को एक लाख रुपये खर्च करने की स्वीकृति दी गई। 15 हजार, कुल अनुमानित आय 36 करोड़ 93 लाख 52 हजार 786 अनुमानित। कुल व्यय 36 करोड़ 15 लाख 10 हजार तथा अनुमानित अंतिम अवशेष 78 लाख 42 हजार 786 रुपये बचत दशाई गई है। वहीं, नगर पालिका बोर्ड की पहली बैठक को लेकर नगर में चर्चाओं का दौर चलता रहा, जिसमें बोर्ड बैठक बंद कमरे में होने की चर्चा होती रही, चेयरमैन ने ऐसे किसी मामले की जानकारी होने से इन्कार किया है।
7455095736