हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। आगरा रोड स्थित कलेक्ट्रेट और कचहरी के बीच पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली कर रहे युवक को सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल ने दबोच लिया। इस दौरान एक युवक रसीद छोड़कर भाग खड़ा हुआ। संबंधित व्यक्ति को सहायक नगर आयुक्त ने सदर पुलिस को सौंपते हुए इस मामले में तहरीर दी है। कचहरी पर अवैध पार्किंग को लेकर चूनाकंकड़ निवासी प्रकाश चंद अग्रवाल ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। इसमें कहा गया था कलेक्ट्रेट और कचहरी के बीच मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से पार्किंग हो रही है। सड़क पर पार्किंग के नाम पर अवैध रूप से वसूली की जा रही है। इस पर हाईकोर्ट ने नगर निगम, जिला प्रशासन और बार एसोसिएशन से इस मामले में जवाब मांगा। बार एसोसिएशन ने इस तरह की किसी भी पार्किंग से खुद को अलग करते हुए इस आशय का पत्र जिलाधिकारी को सौंपा। नगर निगम ने भी यहां पार्किंग का ठेका उठाए जाने से इंकार किया। जिला प्रशासन ने भी यहां किसी प्रकार की पार्किंग को भी वैध नहीं बताया। हाईकोर्ट के रुख को देख अवैध वसूली रोक दी गई। करीब दो माह वसूली बंद होने के बाद पिछले 15 दिनों से एक बार फिर पार्किंग के नाम पर वसूली शुरू होने की शिकायत नगर निगम प्रशासन तक पहुंची।सोमवार को मुख्यमंत्री आगमन की तैयारी संदर्भ में अतिक्रमण हटवा रहे सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल को दो युवक रसीद काटते मिले। टीम को देख एक युवक रसीद छोड़ भाग गया, जबकि दूसरे को दबोच लिया गया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम राम पुत्र इंद्रजीत निवासी बुढाना आगरा बताया है। उसने बताया कि दिलीप पुत्र रूप किशोर निवासी अहीरपाड़ा सदर मथुरा ही उनसे यह वसूली कराता है। इस पर सहायक नगर आयुक्त ने इस मामले में थाना सदर में तहरीर दी है।
