• Sun. Sep 13th, 2026

तेहरा मेले में चाकूबाजी की घटना की अफवाह, तीन युवकों से मारपीट; पुलिस ने भीड़ से छुड़ाकर पहुंचाया अस्पताल

ByVijay Singhal

Sep 13, 2026
Spread the love

हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा के जैंत थाना क्षेत्र के गांव तेहरा में शनिवार रात मेले के दौरान पूर्व में हुई चाकूबाजी की घटना से जुड़ी अफवाह ने माहौल बिगाड़ दिया। चाकूबाजी के आरोपियों के दोबारा गांव में आने की चर्चा फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। भीड़ ने तीन युवकों को चाकूबाजी का आरोपी समझकर घेर लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया। बताया गया कि कुछ दिन पूर्व हुई चाकूबाजी की घटना के बाद गांव में पहले से ही तनाव का माहौल था। शनिवार रात मेले के दौरान अचानक यह अफवाह फैल गई कि घटना में शामिल युवक दोबारा गांव में पहुंच गए हैं। इसके बाद लोगों ने बिना पुष्टि किए तीन युवकों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार जांच में इन तीनों का पूर्व की चाकूबाजी की घटना से कोई संबंध सामने नहीं आया है। इसी रात दोनों पक्षों में हुए विवाद को लेकर जैंत थाने में दो अलग-अलग प्राथमिकी भी दर्ज हुई हैं। तेहरा निवासी कपिल की तहरीर पर पांच-छह अज्ञात लोगों के खिलाफ भाई विनोद और भतीजे हर्ष पर हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं सुनरख निवासी गौरव गौतम की तहरीर पर तेहरा निवासी टेंट कारोबारी विनोद, उसके बेटे और 25-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। विनोद और हर्ष का सिम्स अस्पताल, जबकि गौरव, लड्डू गोपाल और रामविजय का सर्वोदय अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद मौके पर कुछ लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की। पुलिस ने समझाकर स्थिति शांत कराई। थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि दोनों मुकदमों की जांच की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
7455095736

Vijay Singhal
Author: Vijay Singhal

50% LikesVS
50% Dislikes

Leave a Reply

Your email address will not be published.