• Sat. Apr 25th, 2026

काम कराने पहुंचे तो मिला दलाल…पैसे मांगने पर हंगामा

ByVijay Singhal

Apr 23, 2025
Spread the love

 

हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल

मथुरा। राजीव भवन में बाहरी लोग अभी भी काम कराने में जुटे हैं। मंगलवार दोपहर दलाल द्वारा वृद्धापेंशन दस्तावेज सत्यापन कराने के एवज में पैसे मांगने पर फरियादियों ने हंगामा कर दिया। यहीं नहीं दलाल खुद को उच्च अधिकारी का छोटा भाई भी बताने लगा। देखते ही देखते परिसर में कर्मचारियों की भीड़ जुट गई। विवाद बढ़ता देख दलाल वहां से भाग निकला। समस्या समाधान का आश्वासन देकर कर्मचारियों ने फरियादियों को शांत कराया।
वृंदावन की रहने वालीं सीमा ने बताया है कि उनकी कई महीनों से उनकी वृद्धापेंशन नहीं आ रही है। मंगलवार दोपहर वह दस्तावेज सत्यापन कराने के लिए राजीव भवन गई थीं। वहीं गांव तेहरा निवासी धारो राजपूत भी अपनी समस्या लेकर राजीव पहुंचे थे। दोनों फरियादी राजीव भवन के कमरा नंबर 33 में घुस गए। फरियादियों का आरोप है कि यहां कुर्सी पर बैठे एक कंप्यूटर ऑपरेटर के इशारे पर वहीं मौजूद एक दलाल दोनों को बाहर ले गए। फिर राजीव भवन का साहब बनकर दलाल ने दोनों फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद दोनों फरियादियों से पैसों की मांग करने लगा। पीड़ित धारो राजपूत ने बताया है कि दलाल ने पैसे के एवज में काम कराने का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि यह पैसा अंदर भी जाता है। यह बात सुनने के बाद फरियादियों ने हंगामा शुरू कर दिया। करीब 20 मिनट फरियादी हंगामा करते रहे। पीड़ित सीमा और धारो राजपूत ने बताया है कि वह पिछले कई महीनों से विभाग के चक्कर लगे रहे हैं। न अधिकारी सुनते हैं न ही कर्मचारी ध्यान दे रहे हैं। धारो राजपूत ने बताया है कि उनकी पत्नी की मृत्यु हो चुकी है। वह पत्नी की जगह खुद वृद्धापेंशन योजना का लाभ लेना चाहते हैं। मंगलवार को वह पत्नी का मृत प्रमाण पत्र और अपने दस्तावेज लेकर राजीव भवन पहुंचे थे, लेकिन पैसे नहीं देने पर काम नहीं हुआ।
नागेंद्र पाल सिंह, समाज कल्याण अधिकारी ने कहा, मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी। साथ ही पीड़ितों को बुलाकर उनकी समस्या का समाधान कराया जाएगा।

Vijay Singhal
Author: Vijay Singhal

50% LikesVS
50% Dislikes

Leave a Reply

Your email address will not be published.