• Sat. May 23rd, 2026

पिकअप लूटकर भाग रहे 3 बदमाश पुलिस की मुठभेड़ में गिरफ्तार

ByVijay Singhal

Dec 30, 2024
Spread the love
हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। हरियाणा से पिकअप चालक को बंधक बनाकर भाग रहे तीन बदमाशों को रिफाइनरी पुलिस और स्वाट टीम ने रविवार देर रात बाद रेलवे पुल के पास घेरा। पिकअप रुकते ही बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीनों बदमाशों की टांग में गोली लगी और वह घायल हो गए। घायल होने के बाद भी तीनों फायरिंग करते रहे। पुलिस ने जैसे-तैसे उन्हें गिरफ्तार किया। एसएसपी ने बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली टीम को 25 हजार रुपये से पुरस्कृत किया है। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि रविवार देर रात सूचना मिली कि हरियाणा से बदमाश पिकअप लूटकर मथुरा की ओर भागे हैं। उन्होंने हाईवे किनारे के थानों को अलर्ट कर दिया। कृष्णानगर चौकी प्रभारी विक्रांत तोमर ने बैरियर लगाकर रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने बैरियर तोड़कर पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश की। हाईवे पुलिस के हाथ से भी निकल गए तो पीछा कर रहे स्वाट टीम प्रभारी अभय कुमार शर्मा ने इसकी सूचना रिफाइनरी थाना प्रभारी सोनू कुमार को दी। सूचना मिलते ही रिफाइनरी थाना प्रभारी ने टीम के साथ थाने के आगे बैरियर लगा दिए। इस पर चालक ने गाड़ी को बाद रेलवे पुल की सर्विस रोड की ओर मोड़ दिया। आगे जगह न मिलने पर बदमाशों ने गाड़ी रोकी और बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीनों बदमाशों की टांग में गोली लगी और वे घायल हो गए। तलाशी में उनके कब्जे से तीन तमंचे, कारतूस व लूटी गई पिकअप बरामद हुई। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम हरदोई जिले के थाना पिहानी स्थित निजामपुर मोहल्ला निवासी लखन, आशीष और पिहाई निवासी शकील बताए।

पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। लखन और आशीष की दोनों टांगों व शकील की एक टांग में गोली लगी है। लखन उर्फ कल्लू पर हरदोई जिले के विभिन्न थानों में 11 मुकदमे, हरियाणा थाना हथीन में एक मुकदमा दर्ज है। आशीष उर्फ वीरेन्द्र पर हरदोई के थाना पिहानी में तीन और हरियाणा के थाना हथीन में एक मुकदमा दर्ज है। शकील पर हरियाणा के थाना हथीन में मुकदमा दर्ज है। हरियाणा से चालक को अपहरण कर भागते बदमाशों को रोकने के लिए रिफाइनरी थाना प्रभारी निरीक्षक की रणनीति काम आई। उन्होंने थाने के आगे तो बैरियर लगवाए ही। इसके अलावा हाईवे पर बाद रेलवे पुल पर भी बैरियर लगा दिए ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग से नीचे उतारा जाए। उनकी यह रणनीति काम भी आई। थाने के पास से तो बदमाश भाग गए, लेकिन बाद पुल पर बैरियर देख उन्होंने बाद रेलवे स्टेशन की सर्विस रोड पर गाड़ी को दौड़ा दिया। बस यही गलती उनको भारी पड़ गई। बदमाशों ने गोवर्धन के रहने वाले चालक को लूटा और मथुरा की ओर ही भागे। एसएसपी ने बताया कि गोवर्धन के नगला भूरिया निवासी रनवीर सिंह राधाकृष्ण प्राइवेट लिमिटेड में चालक हैं। वह शनिवार की सुबह पिकअप में प्रिंटिंग रोल लोड करके सोनीपत और बागपत के लिए चले। शाम 7 बजे लौटते समय बादली कट के पास तीन युवकों ने हाथ देकर रोका और होडल जाने के लिए बोला। उन्होंने तीनों को बैठा लिया। कुछ दूर आगे लघुशंका के बहाने गाड़ी रुकवाई और तमंचे के बल पर चालक को बांधकर गाड़ी, दो हजार रुपये और फोन लूट लिया। बदमाश चालक को केएमजी रोड पर फेंक कर चले गए। कुछ देर बाद वहां से पुलिस की गश्त निकली तो उन्हें देखा और चालक को मुक्त कराया। इसके बाद चालक ने थाना हथीन में मुकदमा दर्ज कराया। इधर, लूट की सूचना हरियाणा पुलिस ने मथुरा को दी। सही समय पर सूचना मिलने पर बदमाश पकड़े गए।

7455095736
Vijay Singhal
Author: Vijay Singhal

50% LikesVS
50% Dislikes

Leave a Reply

Your email address will not be published.