हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा में गेहूं खरीद योजना में गेहूं की खरीद की प्रगति बेहद सुस्त है। खरीद समाप्ति में अब केवल तीन दिन बचे हैं। वहीं शासन से तय लक्ष्य के सापेक्ष 12 जून तक सरकारी क्रय केंद्रों पर मात्र 32 फीसदी गेहूं की खरीद हो पाई है। ऐसे में महज तीन दिन में विभाग कैसे लक्ष्य की प्राप्ति करेगा।
जिले में किसानों से गेहूं खरीदने के लिए शासन की ओर से 46500 मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य मिला था। तय लक्ष्य के सापेक्ष खाद्य एवं विपणन विभाग ने जिले में 86 सरकारी क्रय केंद्र खोले थे। इसमें खाद्य तथा रसद विभाग के 10, पीसीएफ के 60, पीसीयू के 12 व भारतीय खाद्य निगम के 4 क्रय केंद्र शामिल हैं। साथ ही 2425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं का समर्थन मूल्य तय किया गया था। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिले में खोले गए सरकारी क्रय केंद्रों पर 15 मार्च से गेहूं खरीद शुरू हुई थी। शुरुआत से ही सरकारी क्रय केंद्रों पर काश्तकारों के अनाज लाने की गति धीमी रही है। सीजन में गेहूं की दो फसल लेने वाले काश्तकार ही क्रय केंद्रों पर अनाज लेकर पहुंचे। विभागीय आंकड़ों के अनुसार 12 जून तक 14785 मीट्रिक टन गेहूं 3114 किसानों से खरीदा गया है। गेहूं खरीद योजना में 15 जून तक खरीद होनी है। तीन दिन में विभाग शासन से तय सौ फीसदी लक्ष्य को कैसे पूरा कर पाएगा।अधिकारियों का कहना है कि आढ़तियों के यहां पर भाव 2650 रुपये होने के कारण किसानों ने वहां गेहूं बेचा है। संतोष कुमार यादव, जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने कहा, जिले में शासन से तय लक्ष्य के सापेक्ष 12 जून तक 14785 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। यह गेहूं 3114 किसानों से क्रय किया गया है।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
