हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। सड़क पर अवैध कब्जे के कारण भगवान नगर में नाली और सड़क का निर्माण महीनों से अधूरा पड़ा है। शनिवार को भगवान नगर के महिलाएं और पुरुष नगर आयुक्त से मिले। उन्होंने हाथ जोड़कर किसी तरह अवैध कब्जा हटवाकर नाली और सड़क निर्माण कराने की प्रार्थना की। उनका कहना था कि नारकीय हालात के कारण बच्चों की शादियां भी नहीं हो रही हैं। भगवान नगर कॉलोनी निवासी देशराज सिंह के नेतृत्व में महिलाएं और पुरुष सड़क पर हुए अवैध निर्माण को हटाने और अधूरी पड़ी नाली और सड़क का निर्माण कराने की लड़ाई लड़ रहे हैं। 30 से अधिक शिकायतों के बाद भी अब तक कार्रवाई नहीं हो सकी है। बारिश के दौरान गली में घुटनों तक पानी भर जाता है और बाद में कीचड़ परेशानी का कारण बनता है। शनिवार को कॉलोनी की महिलाएं और पुरुष नगर निगम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने नगर आयुक्त शशांक चौधरी को पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि निगम के ही कुछ अधिकारी जान बूझकर अवैध निर्माण को नहीं हटवा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कॉलोनी में जलभराव और कीचड़ के कारण कोई उनके बच्चों का रिश्ता करने को भी तैयार नहीं हो रहा है। इससे वह परेशान हैं। उन्होंने बताया कि सड़क की जमीन के साथ ही बिजली के खंभे को भी अवैध निर्माण कर चहारदीवारी के भीतर कर लिया है। 15 दिन पहले टास्क फोर्स की टीम मौके पर गई थी तो कब्जा करने वाले ने लिखित में कब्जा हटाने के लिए दो दिन का समय मांगा था। इसके बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई। नगर आयुक्त ने मामले में कार्रवाई के लिए सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी और कल्पना चौहान को निर्देश दिए। साथ ही मौके पर टास्क फोर्स की टीम भी भेजी। नगर आयुक्त से शिकायत करने वालों में गिर्राज सिंह, लीला सिंह, रतन सिंह, दिनेश मोहित व महिलाएं शामिल रहीं।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
