राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के अवसर पर मथुरा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पुलिस ने विशेष चैकिंग अभियान चलाया। एसएसपी शैलेश पांडे ने खुद सड़कों पर उतरकर पैदल मार्च किया। शहर के बस स्टैंड,रेलवे स्टेशन,प्रमुख चौराहों के अलावा होटल , गेस्ट हाउस को भी चैक किया। डॉग स्क्वायड और बॉम्ब स्क्वायड ने धार्मिक स्थल सहित सभी प्रमुख इमारतों को चैक किया।
परेड ग्राउंड पर हुआ मुख्य कार्यक्रम
गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम मथुरा स्थित पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड पर हुआ। यहां मुख्य अतिथि गन्ना विकास एवम चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने राष्ट्र ध्वज फहराया। इसके बाद उन्होंने परेड की सलामी ली। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस के जवानों ने हैरत अंगेज कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए अपने जौहर का प्रदर्शन किया।
मथुरा कलेक्ट्रेट पर जिलाधिकारी पुलकित खरे ने राष्ट्र ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्र ध्वज को सलामी देते हुए वहां मौजूद अपर जिलाधिकारी, एसडीएम सहित कलेक्ट्रेट कर्मियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामना दी।
