हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। भरतपुर मार्ग पर गांव मुड़ेसी स्थित सोस-चाऊमीन बनाने वाली फैक्ट्री में शुक्रवार दोपहर एक बजे बायलर फटने से संचालक की मृत्यु हो गई। हादसे के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। गार्ड की सूचना पर स्वजन उनको जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। कोतवाली क्षेत्र के कृष्णानगर 64-डी निवासी हिमांशु उर्फ हरिओम बत्रा अचार के व्यवसाय से जुड़े थे। उनकी होली गेट पर पंजाबी अचार भंडार नाम से दुकान है। वे हाईवे थाना क्षेत्र के मुड़ेसी गांव स्थित तारसी चौराहे पर होरियो एंटरप्राइजेज नाम से अपनी खाद्य सामग्री की फैक्ट्री संचालित करते थे। इसमें सोस व चाऊमीन तैयार की जाती है। होली के त्योहार के चलते फैक्ट्री के कर्मचारी छुट्टी पर गए थे। कुछ कर्मी शुक्रवार को आ गए थे। शुक्रवार को उन्हें मशीन में तकनीकी खराबी की सूचना मिली थी। इसके बाद वह दोपहर 12 बजे मशीन को देखने के लिए फैक्ट्री चले गए। जब हरिओम मशीन का निरीक्षण कर रहे थे, तभी अचानक एक जोरदार धमाके के साथ बायलर फट गया। विस्फोट इतना भीषण था कि वह गंभीर घायल होकर वहीं गिर पड़े। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना हाईवे पुलिस और स्वजन को दी। आनन-फानन में घायल कारोबारी को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटा व बेटी को छोड़ गए हैं। कारोबारी की मृत्यु से होली गेट के व्यापारियों में शोक छा गया। हाईवे थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
