हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार की देर रात तेज रफ्तार टाटा सफारी अनियंत्रित होकर जाली व डिवाइडर को तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। हादसे में मथुरा में तैनात सहायक सहायक जीएसटी कमिश्नर अनुभव सिंह उनकी पत्नी एवं चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे सुरक्षा अधिकारी एवं सकरावा पुलिस ने एंबुलेंस से तीनों को मिनी पीजीआई सैफई भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान सहायक जीएसटी कमिश्नर की मौत हो गई। चालक के मुताबिक सड़क पर पानी भरा होने से वह विंडशील्ड पर आ गिरा जिससे कार अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि कार की रफ्तार अधिक होने के कारण हादसा हुआ है। श्रावस्ती जनपद के थाना भिनगा के शिवाजी पुरम निवासी अनुभव सिंह (45) वर्तमान में मथुरा में सहायक कमिश्नर जीएसटी के पद पर तैनात थे। चार अगस्त को शाम सात बजे टाटा सफारी से पत्नी रूमा सिंह के साथ मथुरा से लखनऊ जा रहे थे। कार बहराइच जिले की कोतवाली देहात अंतर्गत ग्राम केशवापुर निवासी अंकित सिंह चला रहा था। अंकित ने बताया कि ओवरटेक लेन पर पानी भरा होने पर उसने ब्रेक लगाया। कार की रफ्तार अधिक होने से पहियों से पानी उछलकर आगे की विंडशील्ड पर गिर गया। इससे दिखाई देना बंद हो गया और कार अनियंत्रित होकर बाई ओर रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। हादसे में कार में बैठे सभी लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची सेफ्टी टीम व एंबुलेंस और सकरावा थाने के उपनिरीक्षक माता प्रसाद मय फोर्स के साथ पहुंचकर सभी को गाड़ी से निकाल कर एंबुलेंस से मिनी पीजीआई सैफई में भर्ती कराया। वहां देर रात उपचार के दौरान सहायक जीएसटी कमिश्नर अनुभव सिंह की मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, पत्नी और चालक का इलाज चल रहा है। कार को हाइड्रा से बाहर निकाल कर सकरावा पुलिस को सपुर्द कर दिया गया है।
