• Thu. Feb 26th, 2026

मथुरा। देवीपुरा में गैंगवार, पथराव के बाद फायरिंग, अपराधी को लगी गोली

ByVijay Singhal

Jan 29, 2024
Spread the love
हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। हाईवे थाना क्षेत्र के देवीपुर में शनिवार रात को भूषण पंडित-टोनी जाट गैंग के बीच पड़ी फूट ने बड़ी घटना का रूप ले लिया। गैंग के दोनों धड़ों में गैंगवार हो गई। दोनों पक्षों में पथराव और फायरिंग हुई। इसमें अपराधी टोनी जाट को बायें हाथ की बाजू में गोली लग गई। टोनी के भाई ने हत्या जैसे मुकदमों में नामजद अपराधी भूषण पंडित सहित चार नामजदों पर मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, भूषण पंडित पक्ष ने मारपीट, हमले में चार नामजद व तीन अज्ञातों पर मुकदमा दर्ज कराया है। टोनी जिला अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस अन्य नामजदों की तलाश में जुटी है। मामला शनिवार रात 10 बजे करीब का है। देवीपुरा इलाके की किशोरी कुंज काॅलोनी में रहने वाला अपराधी भूषण पंडित, जो कि कुछ समय पहले ही जयपुर जेल से हत्या के मामले में जमानत पर छूटा है। उसकी भाभी तुलसी दीक्षित ने आरोप लगाया कि टोनी जाट पुत्र हाकिम सिंह निवासी न्यू प्रकाश नगर, बीएस काॅलेज के पास, शहर कोतवाली अपने गैंग के अमित पचौरी, हर्ष पचौरी, अवनीत व तीन अज्ञातों के साथ आ धमका और घर के दरवाजे पर लात व पत्थर मारने लगा। घर के लोगों ने छत से देखा तो टोनी जाट तमंचा लहरा रहा था। परिवार के लोगों ने बचाव में छत से ईंट-पत्थर बरसाए, इस पर टोनी जाट व उसके साथी भाग गए। इधर, टोनी जाट के भाई रामवीर सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया है कि टोनी अपने साथी अमित पचौरी के साथ वृंदावन जा रहा था, तभी राधापुरम चौराहा के पास भूषण पंडित व उसका भाई राजू उर्फ राजकुमार पुत्रगण केहरी निवासी देवीपुर व मोनू निवासी शिवजी का नगला और नीरज गौतम निवासी ग्राम भोरे ने अमित पचौरी पर गोली चला दी, जो कि भाई टोनी उर्फ चंद्रवीर सिंह के बायें बाजू में लगी। टोनी को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के हाथ वारदात के कुछ वीडियो भी लगे हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हाईवे थाना पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद टोनी जाट को लगी गोली पर संदेह जाहिर किया है। पुलिस को शक है कि टोनी जाट ने मुकदमा दर्ज कराने के लिए स्वयं अपने गोली मारी है। पुलिस के हाथ इस संबंध में कुछ सुराग भी लगे हैं। शहर कोतवाली पुलिस की फाइल में भूषण पंडित गुंडा अधिनियम के तहत निरुद्ध है। उसके खिलाफ जयपुर में एक हत्या का एक मुकदमा भी दर्ज है। इसके अलावा भी कई अन्य मुकदमे उसके खिलाफ दर्ज हैं। टोनी 10 मुकदमों में है नामजद, एक सफेदपोश का है सिर पर हाथ टोनी जाट और भूषण पंडित कभी एक ही गैंग का हिस्सा हुआ करते थे। रंगबाजी कर समाज में भय व्याप्त करना इस गैंग का मूल उद्देश्य रहता है। टोनी 10 मुकदमों में नामजद है, जिनमें से दो मुकदमे आर्म्स एक्ट के हैं। पिछले दिनों कोतवाली इलाके के ही एक अन्य गैंग में हुई गैंगवार से भी टोनी जाट का नाम जुड़ा रहता है, उक्त गैंग में अभि चौधरी सरगना है, जो कि रजिस्टर्ड गैंगस्टर है। इसके अलावा बैंक लूट में भी नामजद है। टोनी पर एक सफेदपोश का हाथ रहता है। अरविंद कुमार, एसपी सिटी ने बताया पुलिस की ओर से दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल उपचाराधीन है। मामला गैंगवार से जुड़ा पाया गया है।
7455095736
Vijay Singhal
Author: Vijay Singhal

50% LikesVS
50% Dislikes

Leave a Reply

Your email address will not be published.