हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। सिविल जज सीनियर डिवीजन मथुरा नितिन कुमार ने ललित शर्मा को गोवर्धन स्थित गिर्राजजी दानघाटी मंदिर का पूर्णकालिक अस्थायी रिसीवर नियुक्ति किया है। इस नियुक्ति के साथ ही न्यायालय ने रिसीवर के लिए आए अन्य आवेदन निरस्त कर दिए हैं। सिविल जज सीनियर डिवीजन द्वारा रिसीवर नियुक्त करने के लिए आवेदन मांगे गए थे। इसमें कुल 36 लोगों ने आवेदन किया था। 30 मई 2025 से लेकर 4 जुलाई 2025 तक चार बार न्यायालय ने सभी आवेदन कर्ताओं को विचार विमर्श के लिए बुलाया था। इसमें 29 आवेदनकर्ता न्यायालय में पहुंचे, लेकिन छह आवेदनकर्ता अनुपस्थित रहे। इसके बाद न्यायालय ने गांव मुखराई निवासी ललित शर्मा को इस पद के लिए उपयुक्त ठहराया। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि ललित शर्मा गुधैनिया सेवायत समाज के सदस्य होने के साथ ही प्रश्नगत मंदिर के पूजा, भोगराग आदि का तीन से चार साल का अनुभव रखते हैं। साथ ही वह वाणिज्य में स्नातक की योग्यता रखने के चलते मंदिर के हिसाब-किताब के प्रबंधन में भी सक्षम हैं। उन्हें रिसवीर का पदभार लेने से पहले एक लाख रुपये के दो अचल संपत्तियों की गारंटी और 10 लाख रुपये व्यक्तिगत बंधपत्र भी न्यायालय में दाखिल करना होगा। हर 15 दिन में देना होगा खर्चों का विवरण कोर्ट ने ललित शर्मा को प्रत्येक 15 दिन में मंदिर के खर्चों का विवरण मय रसीद के प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं। साथ ही मंदिर में पूजा के लिए जबरन कोई कीमत न वसूलने, मंदिर मुख्य प्रवेश द्वार पर स्थित अस्थायी दुकानों को हटवाने, निगरानी के लिए गोशाला, प्रसाद रसोई व अन्य स्थलों पर सीसीटीवी लगवाने, सभी सामग्री जीएसटी पंजीकृत विक्रेता से ही खरीदेने जैसे प्रतिबंध भी लगाए हैं।
