हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। बरसाना थाना क्षेत्र के कमई गांव में रात जाटव समाज के लोगों की बरात चढ़ रही थी। तभी बरातियों पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि गांव के ही ठाकुर बिरादरी के लोगों ने बरातियों पर हमला बोला और उनके साथ मारपीट की। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह स्थिति नियंत्रित की। पुलिस की उपस्थिति में बरात की आगे की रस्में की गईं। कमई गांव निवासी राजू की बेटी की शुक्रवार को शादी थी। बरात कामां राजस्थान के ऐंचवाड़ा गांव से आई थी। राजू के परिवार के सुखवीर का आरोप है कि रात साढ़े सात बजे बरात जाटव बगीची से निकली। बरात जब गांव में ठाकुर बिरादरी के लोगों के घर के सामने से निकली, तभी बरात पर हमला किया गया। सुखवीर का आरोप है कि गांव के विजय, कन्हैया, राजेंद्र, राजाराम ने अपने साथियों के साथ बरात में शामिल लोगों को जमकर पीटा। आरोप है कि दूल्हे की गाड़ी से दुल्हन के जेवर भी छीन ले गए। ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस भी गांव पहुंची। पुलिस को देख हमलावर मौके से भाग निकले। पुलिस की उपस्थिति में बरात विवाह स्थल तक ले जाई गई और आगे की रस्म पूरी कराई गईं। देर रात तक दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास चलते रहे। सुखवीर ने बताया कि उन्होंने घटना की शिकायत थाने में दी है। थाना प्रभारी प्रमोद पंवार ने बताया कि शराब के नशे में दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ है। पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत करा दिया है। जेवर छीनने की बात गलत है। अभी कोई शिकायत नहीं मिली है।
