ड्राइवर स्पीड बढ़ने के बाद कंट्रोल नहीं कर सका
दिल्ली शकूर बस्ती स्टेशन से उत्तर रेलवे की EMU ट्रेन प्रतिदिन चलती है। इस ट्रेन से बड़ी संख्या में दैनिक यात्री सफर करते हैं। मंगलवार को ट्रेन निर्धारित समय शाम 6 बजकर 20 मिनट पर शकूर बस्ती से चली। ट्रेन रात 10 बजकर 10 मिनट पर मथुरा जंकशन स्टेशन पहुंची। यहां ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर लगी थी।
हादसे के बाद रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन की स्पीड, निर्धारित स्पीड से ज्यादा बढ़ गई। जिसकी वजह से ड्राइवर कंट्रोल नहीं कर सका और ट्रेन प्लेटफॉर्म पर चढ़ गई।
यात्रियों के बैग ट्रेन के नीचे आए
प्लेटफॉर्म पर ट्रेन चढ़ते देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यात्री जान बचाने के लिए भागने लगे। इसकी वजह से यात्रियों के कुछ बैग ट्रेन के नीचे आ गए। लेकिन ट्रेन जब लाइट के पोल से टकरा कर रुक गई तो लोगों ने राहत की सांस ली।
आगरा मंडल की तकनीकी टीम मथुरा पहुंची
हादसे के बाद उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल से तकनीकी टीम मथुरा पहुंची। इसके साथ ही ट्रेन को प्लेटफॉर्म से हटाने की कार्यवाही शुरू की गई। देर रात तक चली प्रक्रिया के बाद ट्रेन को प्लेटफॉर्म से हटाकर वापस रेल ट्रैक पर लाया गया। हादसा क्यों हुआ, इसके क्या कारण रहे, इसकी जांच रेलवे करेगा। फिलहाल रेलवे की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
