हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ़ विजय सिंघल
मथुरा। ब्रज के धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई ऊंचाई देने की दिशा में गोकुल और बलदेव के लिए महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इन दोनों धार्मिक स्थलों को हवाई संपर्क से जोड़ने के लिए दो अलग-अलग हेलीपैड बनाने की योजना तैयार की गई है। गोकुल में रसखान समाधि स्थल के समीप और बलदेव में मेला स्थल के पास हेलीपैड का निर्माण प्रस्तावित है। दोनों स्थानों पर तीन-तीन हजार वर्गमीटर जमीन चिह्नित की गई है। प्रत्येक हेलीपैड के निर्माण पर करीब 90 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। गोकुल में श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़े मंदिर और धार्मिक स्थल हैं तो बलदेव में दाऊजी महाराज का प्रसिद्ध मंदिर और ऐतिहासिक लक्खी मेला देशभर के श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय विधायक पूरन प्रकाश के प्रस्ताव पर लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-1 ने हेलीपैड निर्माण की कार्ययोजना तैयार की है। विभाग की ओर से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और टेंडर प्रक्रिया के लिए शासन से स्वीकृति मांगी गई है। शासन की मंजूरी मिलने के बाद निर्माण संबंधी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। हेलीपैड बनने से वीवीआइपी आगमन के साथ ही कम समय में ब्रज के धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के इच्छुक श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी सुविधा मिल सकेगी। विशेष धार्मिक आयोजनों और मेलों के दौरान भी इनका उपयोग महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। इससे गोकुल और बलदेव की पर्यटन मानचित्र पर पहचान और मजबूत होने की उम्मीद है। फिलहाल इस क्षेत्र में कार्ष्णि गुरु शरणानंद के आश्रम स्थित हेलीपैड का उपयोग किया जाता रहा है।
7455095736
Author: vijay.singhal1233
50% LikesVS
50% Dislikes
