हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ़ विजय सिंघल
मथुरा। जिलाधिकारी श्री चंद्र प्रकाश सिंह ने स्वयं भी आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण कर जनपदवासियों को इसके लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से जनगणना-2027 में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना तक सीमित प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश एवं समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े केंद्र एवं राज्य सरकारों को भविष्य की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों, आधारभूत सुविधाओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं बेहतर नियोजन में महत्वपूर्ण आधार प्रदान करते हैं। जिलाधिकारी महोदय ने विशेष रूप से जनपदवासियों से स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि दिनांक 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 के मध्य जब प्रगणक जनगणना के लिए घर-घर पहुंचेंगे, तब जनपदवासियों को अपनी स्व-गणना आईडी उपलब्ध करानी होगी, जिससे दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन एवं जनगणना की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूर्ण की जा सके। जिलाधिकारी ने उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों से भी अनुरोध किया कि वे जनगणना के महत्व, स्व-गणना की प्रक्रिया, निर्धारित समयावधि एवं आधिकारिक पोर्टल के संबंध में समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा कि मीडिया की सक्रिय भूमिका से अधिक से अधिक लोगों तक जनगणना संबंधी जानकारी पहुंचाई जा सकती है और जनसामान्य को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान से जोड़ा जा सकता है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी डॉ0 पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक वेद प्रिय आर्य, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्या, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा, जिला जनगणना प्रभारी मथुरा मृगेंद्र बहादुर सिंह, सह जिला प्रभारी मथुरा अभिषेक पाण्डेय तथा जिला जनगणना सहायक कपिल यदुवंशी व अंकुर सक्सेना सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
