हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ़ विजय सिंघल
मथुरा। वृंदावन से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां प्रेम मंदिर के ठीक सामने स्थित एक होटल में छत्तीसगढ़ की रहने वाली 24 वर्षीय युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवती कुछ दिन पहले ही अकेले वृंदावन में दर्शन करने के लिए पहुंची थी। इस मामले में पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें रायपुर के रहने वाले एक युवक पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर निवासी 24 वर्षीय पार्वती 13 नवंबर को अकेले वृंदावन आई थी। यहां पहुंचने के बाद उसने ऑनलाइन माध्यम से प्रेम मंदिर के सामने स्थित एक होटल में कमरा बुक कराया था। होटल प्रबंधन की ओर से उसे कमरा नंबर 116 आवंटित किया गया था। बताया जा रहा है कि पार्वती वृंदावन के अलग-अलग मंदिरों में दर्शन कर रही थी और उसने होटल में 16 नवंबर तक ठहरने की योजना बनाई थी। होटल कर्मचारियों के अनुसार, 15 नवंबर को दोपहर बाद से पार्वती अपने कमरे से बाहर नहीं आई। इसी बीच शाम के समय उसके पिता ने कई बार मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन युवती की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। लगातार फोन कॉल का जवाब नहीं मिलने पर पिता को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने होटल के रिसेप्शन पर संपर्क कर कर्मचारियों से कमरा चेक करने का अनुरोध किया। जब होटल स्टाफ कमरे तक पहुंचा और अंदर जाकर देखा, तो पार्वती मृत अवस्था में मिली। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिस की शुरुआती जांच के दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। इस नोट में पार्वती ने रायपुर निवासी आशीष ओझा नाम के युवक पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सुसाइड नोट को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना को लेकर सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि केशवधाम चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक होटल में छत्तीसगढ़ के रायपुर की रहने वाली युवती की मौत की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक जांच-पड़ताल की।सीओ संदीप सिंह के अनुसार, युवती ने 13 नवंबर को होटल में चेक-इन किया था और उसकी बुकिंग 16 नवंबर तक के लिए थी। घटनास्थल की जांच के दौरान फील्ड यूनिट को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें रायपुर निवासी आशीष ओझा का नाम सामने आया है। फिलहाल पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और उसके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
