हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ़ विजय सिंघल
मथुरा जंक्शन पर चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे 64 वर्षीय बुजुर्ग यात्री के लिए आरपीएफ के दो दरोगा फरिश्ता बनकर पहुंचे। यात्री का संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन के गेट पर लटक गया और उसके दोनों पैर प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच फंस गए। यह देखकर मौके पर तैनात आरपीएफ और आरपीएसएफ के जवानों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान दो दरोगाओं ने तत्परता दिखाते हुए यात्री को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मथुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से कलिंग उत्कल एक्सप्रेस (18478) निर्धारित ठहराव के बाद रवाना हो रही थी। इसी दौरान त्योहार पर यात्रियों की भीड़ के चलते ट्रेन में सवार नहीं हो सके 64 वर्षीय प्रसाद महापात्र निवासी ओडिशा ने एस-1 कोच में चढ़ने का प्रयास किया। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन के गेट पर लटक गए। उनके दोनों पैर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच चले गए। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के उप निरीक्षक सुजीत सिंह चंदेल और आरपीएसएफ के उप निरीक्षक टीआई सिंह ने बिना देर किए यात्री को मजबूती से पकड़कर चलती ट्रेन से दूर खींच लिया। इससे बुजुर्ग की जान बच गई। उन्हें कोई चोट नहीं आई। जवानों ने प्राथमिक उपचार के बारे में पूछा, लेकिन यात्री ने इसकी आवश्यकता से इन्कार कर दिया। इधर, ट्रेन में चढ़ने से रह गए अन्य यात्रियों के शोर मचाने पर किसी यात्री ने एसीपी कर दी। ट्रेन रुकने पर सभी यात्रियों को सुरक्षित कोच में बैठाया गया। इसके बाद ट्रेन को रवाना किया गया। घटना की जानकारी पर सहायक सुरक्षा आयुक्त और आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक भी मौके पर पहुंचे। दोनों दरोगाओं की इस तत्परता और साहस की यात्रियों ने सराहना की। आरपीएफ ने इस कार्रवाई को ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत दर्ज किया है।
7455095736
Author: vijay.singhal1233
50% LikesVS
50% Dislikes
