हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ़ विजय सिंघल
मथुरा। पावन पर्व यम द्वितीया भैया दूज के अवसर पर जनपद में शांति, सुरक्षा एवं सुचारू व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री श्लोक कुमार ने संयुक्त रूप से थाना वृंदावन क्षेत्रांतर्गत केसी घाट सहित अन्य प्रमुख यमुना घाटों का नौका विहार के माध्यम से सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पर्व के अवसर पर यमुना स्नान के लिए देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधाओं के संबंध में घाटों पर की गई विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन के मार्गों तथा भीड़ नियंत्रण के लिए किए गए प्रबंधों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दृष्टिगत सभी घाटों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से यमुना स्नान कर सकें। घाटों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा आवागमन के मार्गों को सुगम बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने नाविकों को भी सख्त निर्देश दिए कि सुरक्षा मानकों के अनुरूप नावों का संचालन सुनिश्चित करे। सभी यात्रियों को लाइव जैकेट अवश्य पहनाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। घाटों पर सतर्क निगरानी रखी जाए तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न होने दी जाए। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान निरंतर भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
7455095736
यम द्वितीया भैया दूज पर जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने केसी घाट सहित अन्य प्रमुख यमुना घाटों निरीक्षण
