हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। ग्राम पंचायत भदाल इच्छा में सामुदायिक शौचालय के निर्माण और संचालन में सामने आई अनियमितताओं के मामले में जिला मजिस्ट्रेट ने सरकारी धनराशि की वसूली के आदेश दिए हैं। जांच में शौचालय निर्माण कार्य अधूरा पाए जाने के साथ-साथ सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि हुई है। मामले में तत्कालीन ग्राम प्रधान, सचिव, अवर अभियंता तथा तत्कालीन सहायक विकास अधिकारी से कुल 6 लाख 54 हजार 95 रुपये की वसूली की जाएगी। भदाल इच्छा ग्राम पंचायत में सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया था। निरीक्षण के दौरान शौचालय में बिजली फिटिंग, पानी की फिटिंग और पुताई का कार्य अधूरा मिला। ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण कार्य करीब तीन से चार वर्ष पूर्व शुरू हुआ था, लेकिन इसके बावजूद शौचालय उपयोग योग्य स्थिति में नहीं पहुंच सका। डीपीआरओ धनंजय जायसवाल ने बताया कि जांच में शौचालय के अंदर पानी की टंकी नीचे रखी मिली तथा कबाड़ का सामान भी पड़ा हुआ था। शौचालय केंद्र में पांच पुरुष और पांच महिलाओं के चैंबर बनाए गए थे, लेकिन उनके दरवाजे तक नहीं लगे थे। इसके अलावा क्रेशर और सीमेंट की कट्टियां भी इधर-उधर पड़ी मिलीं। सत्यापन के दौरान कार्य अधूरा और अनुपयोगी पाए जाने से सरकारी धनराशि के दुरुपयोग की पुष्टि हुई।
7455095736
अनियमितता, चार जिम्मेदारों से होगी 6.54 लाख की वसूली
