हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) की 110वीं बोर्ड बैठक में गोवर्धन, छाता और सदर तहसील के 93 गांव एमवीडीए में शामिल करने का निर्णय लिया गया। साथ ही छाता में 117 हेक्टेयर में प्रस्तावित टाउनशिप के ले-आउट को मंजूरी मिल गई है। कई अन्य परियोजनाओं को भी धरातल पर उतारा जाएगा, जिससे विकास को गति मिलेगी। वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी में शुक्रवार को मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। एमवीडीए उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन ने दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप विकसित की जा रही छाता टाउनशिप से संबंधित प्रस्ताव बोर्ड के समक्ष रखे। बोर्ड ने छाता टाउनशिप ले-आउट (डिजाइन-नक्शा व अन्य योजना) संबंधी संबंधित प्रस्ताव को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान कर दी। बड़े पार्क भी विकसित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा एमवीडीए के सीमा विस्तार का प्रस्ताव रखा गया। इसमें गोवर्धन, छाता और सदर तहसील क्षेत्र के 93 गांवों को प्राधिकरण में शामिल करने पर सहमति बनी। मंडलायुक्त ने इस प्रस्ताव को शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं। बैठक में प्राधिकरण क्षेत्र से जुड़े विकास संबंधी अन्य प्रस्तावों पर भी विचार विमर्श किया गया। भू-उपयोग संबंधी अन्य प्रस्तावों पर मंडलायुक्त ने पुन: परीक्षण के आदेश दिए और अवैध निर्माण को पूर्ण रूप से रोकने के लिए कहा है। बैठक में बोर्ड के नामित सदस्य भुवन भूषण कमल, डीएन गौतम, नवीन मित्तल, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, नगर आयुक्त ओजस्वी राज, एमवीडीए सचिव आशीष सिंह आदि मौजूद रहे।
7455095736
मथुरा-वृंदावन प्राधिकरण की बड़ी सौगात: 117 हेक्टेयर में बनेगी छाता टाउनशिप, 93 नए गांव होंगे शामिल
