हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। बलदेब में श्रीकृष्ण के अग्रज ठाकुर दाऊजी महाराज की पावन नगरी में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। पूरे नगर में मंदिरों को विद्युत झालरों और फूलों से दिव्य रूप में सजाया गया। रात्रि में जगह-जगह भजन-कीर्तन और बधाई गायन का आयोजन हुआ। जन्माष्टमी पर्व का मुख्य आकर्षण श्री दाऊजी महाराज मंदिर में हुआ।
नंदोत्सव के अवसर पर प्रातः से ही मंदिर में भक्तों का तांता लग गया। रात्रि में सेवायत पुजारियों द्वारा विधि-विधान से बाबा को पंचामृत – दूध, दही, घी, शहद और गंगाजल से स्नान कराया गया। शनिवार की सुबह से ही मंदिर परिसर दाऊ दादा की जय, नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के उद्घोषों से गूंज उठा। भक्तों ने बाबा के दर्शन कर माखन-मिश्री का भोग अर्पित किया। पवित्र क्षीर सागर में आचमन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। वहीं दोपहर में नंदोत्सव के मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मंदिर सेवायतों द्वारा दाऊजी महाराज की परिक्रमा करते हुए परंपरागत समाज गायन किया गया। इस दौरान मंदिर प्रांगण में सेवायत पांडेय समाज के बंधुओं द्वारा परंपरागत मल्ल विद्या का अद्भुत प्रदर्शन किया गया। नारियल लूटने के लिए जगह-जगह युवा श्रद्धालु और सेवायत मल्ल युद्ध की कला का प्रदर्शन करते नजर आए। एक-दूसरे के कंधे पर चढ़कर, दांव-पेंच दिखाकर नारियल तक पहुंचने का यह दृश्य देखते ही बनता था। मल्ल विद्या के इस रोमांचक प्रदर्शन को देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए और तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
7455095736
बलदेव के दाऊजी महाराज मंदिर में धूमधाम से मना जन्मोत्सव
