हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। कन्हैया मित्तल सहित जन्माष्टमी के अवसर पर करीब 1000 कलाकार कृष्ण भक्ति संगीत और ब्रज लोक कला की प्रस्तुतियां देंगे। इसके लिए पांच बड़े और 27 छोटे मंच तैयार किए गए हैं। इन मंचों पर करीब 600 लोक कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। मंचों पर कृष्ण भक्ति के भजन-कीर्तन के साथ ब्रज के लोकगीत, लोक नृत्य, संगीत और कृष्ण की लीलाओं से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगे। प्रमुख कार्यक्रम पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में आयोजित होंगे। मथुरा। कन्हैया के जन्मोत्सव का उल्लास अब ब्रजभूमि में परवान चढ़ने लगा है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मथुरा वृंदावन की गलियां, चौराहे और प्रमुख सांस्कृतिक स्थल कृष्ण भक्ति, ब्रज लोक संस्कृति, संगीत, नृत्य और कला के रंग में रंगे नजर आएंगे। कहीं बीन की मधुर धुन श्रद्धालुओं का स्वागत करेगी तो कहीं ढोल-नगाड़ों की थाप और लोक नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियां उत्सव में भक्ति की मिठास घोलेंगी। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की सीईओ लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु हर वर्ष ब्रजभूमि पहुंचते हैं। एक बार फिर श्रद्धालुओं के स्वागत को यादगार बनाने के लिए उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से व्यापक सांस्कृतिक आयोजन किए जा रहे हैं। उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि ब्रज की समृद्ध लोक परंपरा, संगीत और कला को श्रद्धालुओं के सामने जीवंत करना है। मंचों के अलावा प्रमुख मार्गों और चौराहों पर स्ट्रीट परफॉर्मर भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। करीब 350 कलाकार बीन, ढोल, नगाड़े, ढपली, शहनाई, तबला-बेला आदि वाद्ययंत्रों के माध्यम से श्रद्धालुओं का स्वागत करेंगे।
