हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने शुक्रवार तड़के करीब चार बजे भूतेश्वर से मसानी तक सड़क का पैदल आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की स्थिति, जल निकासी व्यवस्था और चल रहे मरम्मत कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। मसानी नाले से भूतेश्वर अंडरपास तक पाइपलाइन बिछाई गई है। पाइपलाइन डालने के बाद कई स्थानों पर सड़क धंस गई है, बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। नगर आयुक्त ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को तत्काल निर्माण सामग्री और श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के आदेश दिए। स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर अतिरिक्त श्रमिक नहीं लगाए गए तो ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए आर्थिक दंड (पेनल्टी) भी लगाया जाएगा। नगर आयुक्त ने निर्देशित किया कि सड़क मरम्मत, पैचवर्क और जल निकासी से जुड़े सभी कार्य 10 अगस्त तक निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु मथुरा पहुंचते हैं, इसलिए किसी भी मार्ग पर गड्ढे, जलभराव या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर निगम का प्रयास है कि पर्व से पहले सभी प्रमुख मार्गों को सुरक्षित और सुचारु बनाकर श्रद्धालुओं तथा स्थानीय नागरिकों को निर्बाध यातायात की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
