हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। धर्म की नगरी में लगातार गांजे जैसे नशीले पदार्थ की खपत बढ़ रही है। कस्बे में लंबे समय से चल रहे गांजा तस्करी के कारोबार पर बुधवार को एसटीएफ आगरा यूनिट और फरह पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिकंजा कस दिया। संयुक्त टीम ने आटो पार्ट्स की दुकान के पीछे बने गोदाम पर छापा मारकर सवा कुंतल से अधिक गांजा बरामद किया। मौके से एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। एसटीएफ आगरा यूनिट और फरह पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुधवार शाम करीब पांच बजे परखम चौराहा स्थित एक आटो पार्ट्स की दुकान के पीछे बने गोदाम में छापा मारकर करीब 130 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। एसटीएफ आगरा यूनिट को काफी समय से फरह क्षेत्र में बड़े पैमाने पर गांजा सप्लाई किए जाने की सूचना मिल रही थी। मुखबिर से मिली सटीक जानकारी के आधार पर एसटीएफ और फरह पुलिस ने संयुक्त रूप से गोदाम पर दबिश दी। गोदाम बंद मिलने पर टीम ने शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां भारी मात्रा में गांजा रखा मिला। पुलिस ने पूरे माल को कब्जे में लेकर सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान संजय निवासी फरह को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी बंटी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। सीओ रिफाइनरी प्रवीण तिवारी ने बताया कि गोदाम से सवा कुंतल से अधिक गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था, इसकी जांच की जा रही है।
