हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। नंदगांव के बरसाना रोड स्थित एक दुकान में देर रात बिजली के पोल में हुई स्पार्किंग के चलते भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने कुछ ही देर में पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 12 बजे बरसाना रोड स्थित गोविंद उर्फ अक्का सेठ की जलपान की दुकान के पास लगे बिजली के पोल में अचानक स्पार्किंग होने लगी। देखते ही देखते चिंगारियों से दुकान में आग लग गई। आग की लपटें देख लोगों में अफरातफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। दुकान में गैस सिलिंडर भी रखा हुआ था। आग बढ़ती देख लोगों ने किसी तरह सिलिंडर को बाहर निकाला। इसके बाद लोगों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। उधर, सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दुकान का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था। दुकानदार गोविंद उर्फ अक्का सेठ ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया है कि करीब आठ दिन पहले भी इसी पोल में स्पार्किंग हुई थी। उस समय उन्होंने वीडियो बनाकर विभागीय कर्मचारियों को भेजा था और समस्या से अवगत कराया था। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। एसडीओ राहुल चौरसिया ने बताया कि अज्ञात कारण से यह घटना हुई है। उन्होंने कहा कि दुकानदार की यथा संभव मदद की जाएगी।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
