हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। जिले में बृहस्पतिवार व शुक्रवार रात आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई। आपदा में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकानों की दीवारें, टिनशेड, पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। कई क्षेत्रों में ओले भी गिरे और निचले इलाकों में जलभराव हो गया। इससे राहगीरों व परिक्रमार्थियों को परेशानी उठानी पड़ी। मौसम विभाग ने आज भी आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। बृहस्पतिवार रात आई आंधी की गति इतनी तेज थी कि कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए। इससे यातायात बाधित हुआ और बिजली आपूर्ति ठप हो गई। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। कई गांवों में बिजली के तार टूटने से अंधेरा छा गया। नंदगांव, फरह, बरसाना, कोसीकलां समेत कई क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि भी हुई, जबकि कुछ स्थानों पर बारिश और हल्की बूंदाबांदी रही। वहीं शुक्रवार शाम सात बजे से आंधी और बारिश का दौर शुरू हो गया। ग्रामीण इलाकों में कच्चे मकानों की दीवारें ढह गईं। दर्जनों पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। जमुनापार क्षेत्र के गौसना निवासी ओमप्रकाश (60) घर के आंगन में सो रहे थे। पड़ोसी की टिनशेड उड़ने से एक ईंट सोते समय उनके सिर में लग गई, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। वहीं राया के तेहरा में निर्माणाधीन मकान की दीवार पड़ोसी की सीमेंट की चादर के ऊपर गिर गई। मलबे में दबने से सतीश चंद्र के परिवार के चंचल, अंकित और शिवा घायल हो गए। मौसम विभाग के अनुसार, बीते दो दिन से बारिश से अधिकतम तापमान में भारी कमी आई है। शुक्रवार दोपहर को अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि बीते दिनों यह आंकड़ा 44 और 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा रहा था। शनिवार, रविवार को भी आंधी-बारिश के आसार जताए जा रहे हैं।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
