हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। वृंदावन में ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर मार्ग पर पोशाक शोरूम के गैराज में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते दुकान से आग की लपटें भयावह होने लगीं और दुकान की ऊपरी मंजिल तक जब लपटें उठतीं दिखाई दीं तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दुकान स्वामी ने पड़ोसियों के सहयोग से आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर पुलिस एवं दमकल को सूचना दे दी। करीब आधा घंटे बाद मौके पर पहुंची दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जबतक गैराज में रखा सामान जलकर राख हो गया। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर से लगभग दो सौ मीटर दूर बनखंडी के रास्ते में अठखंभा स्थित बल्लीगंज में मनोज अग्रवाल का पोशाक एवं पोशाक के कपड़ों के शोरूम के पीछे गैराज है। जहां रविवार की सुबह लगभग साढ़े छह बजे अंदर से आग की लपटें निकलती पड़ोसियों को दिखाई दीं तो शोर मचाना शुरू कर दिया।गैराज में रखे बिजली का पैनल, बैटरी, इनवर्टर को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। गैराज से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई और जब गैराज के अंदर से बैटरियों के फटने की आवाज आने लगी तो लोग सहम उठे और घटना स्थल से दूर हो गए। इसी इमारत में रह रहे दुकान स्वामी मनोज अपने स्वजनों संग दुकान पर नीचे उतरे और पड़ोसियों के सहयोग से आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। आसपास के लोगों ने पानी मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने के प्रयास किए और पुलिस व दमकल को सूचना दे दी। लगभग आधा घंटे बाद पहुंची दमकल की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मनोज अग्रवाल ने बताया आग में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण शार्टसर्किट बताया जा रहा है।
