हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। सुरीर थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर में एक शादी समारोह में शराब के नशे ने झगड़ा करा दिया। इसमें बरातियों से शादी में शामिल होने आए स्थानीय युवकों की कार को कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला कर क्षतिग्रस्त कर दिया। युवकों ने वहां से भागकर जान बचाई। कार क्षतिग्रस्त करने का वीडियो एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। सुरीर के गांव सिकंदरपुर में हरीसिंह की बेटी की शुक्रवार को शादी थी। बरात अलीगढ़ जिले के गांव बहादुरपुर से आई थी। बरात चढ़त के बाद पांडाल में लोग खाना खा रहे थे। इस दौरान बरात में आए कुछ युवक शराब के नशे में गाली-गलौच कर रहे थे। शादी में शामिल होने गए सुरीर के गांव परसोती गढ़ी के युवकों ने गाली-गलौच का विरोध किया तो इसी बात पर उनका बराती युवकों से झगड़ा हो गया। जिसमें बराती युवक कुल्हाड़ी और लाठी डंडा लेकर उन्हें मारने के लिए दौड़े। परसोती गढ़ी के युवक अपनी कार लेकर वहां भागने लगे लेकिन उनकी कार रास्ता में फंस गई। जिससे वह जान बचाने को कार को वहीं छोड़कर भाग गए। पीछा करते आए बराती युवकों ने उनकी खड़ी कार पर कुल्हाड़ी और लाठी डंडा से प्रहार कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर थाना पुलिस पहुंच गई लेकिन तब तक बराती युवक भाग गए। कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से कार को क्षतिग्रस्त करने की घटना एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह का कहना है कि कार क्षतिग्रस्त करने का एक वीडियो उनके संज्ञान में आया है।
