हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। कोसीकलां थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शेरगढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास रावत ज्वेलर्स की दुकान से चोर करीब 35 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। चोरी की जानकारी सुबह उस समय हुई, जब एक अखबार विक्रेता ने दुकान का शटर टूटा देखा। उसने तुरंत दुकानदार भूपेंद्र रावत को सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर शटर और ताले टूटे मिले, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।बताया गया कि चोरों ने लोहे की राड से शटर उठाकर दुकान में प्रवेश किया और कीमती आभूषण समेट लिए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दुकान के पीछे एक खाली प्लॉट से सरिया और टूटे ताले बरामद हुए। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। चौकी प्रभारी दुष्यंत कौशिक ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इंस्पेक्टर राजकमल सिंह ने जल्द खुलासे का आश्वासन दिया। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत है और गश्त बढ़ाने की मांग उठी है।
