हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा में वृंदावन स्थित विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर एक बार फिर विवादों के कारण चर्चा में है। मंदिर के सेवायत अनन्य गोस्वामी ने मंदिर में तैनात एक निजी सुरक्षा गार्ड पर दानपात्र (गुल्लक) से भेंट चोरी करने और विरोध करने पर अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि सुरक्षा गार्ड को ही भेंट चोरी करते हुए पकड़ा गया। इसके बाद अन्य सुरक्षा कर्मियों को बुलाया गया तो आरोपी ने सुरक्षा कर्मियों से भी झगड़ा किया। मंदिर के सेवायत अनन्य गोस्वामी का आरोप है कि उन्होंने सुरक्षा गार्ड को मंदिर की गुल्लक से पैसे निकालते हुए रंगेहाथों पकड़ा था। जब उन्होंने इस कृत्य पर आपत्ति जताई और सुरक्षा गार्ड को टोका, तो आरोपी गार्ड ने उनके साथ धक्का-मुक्की कर दी। यह भी आरोप लगाया गया है कि इस दौरान सुरक्षाकर्मी ने गोस्वामी का कुर्ता फाड़ दिया और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दे डाली। पीड़ित सेवायत अनन्य गोस्वामी का कहना है कि घटना के तुरंत बाद वे शिकायत दर्ज कराने के लिए बांके बिहारी मंदिर पुलिस चौकी पहुंचे, लेकिन वहां कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या पुलिसकर्मी मौजूद नहीं मिला। इस संबंध में गोस्वामी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। मामले में प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। गोस्वामी के आरोपों के आधार पर सीसीटीवी की भी जांच की जाएगी। इस मामले में पुलिस कर्मियों का कहना है कि जांच के बाद अगर मामले में सच्चाई मिलती है तो आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभी मामले की जांच जारी है।
7455095736
