हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। गोवा में पिकनिक के दौरान पांच सितारा होटल में कम दामों में ठहराने का झांसा देकर फॉर्च्यून पार्क होलीडे नाम की संस्था के सदस्यों ने व्यापारी से 1.88 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर दी। व्यापारी ने कोर्ट से न्याय की गुहार लगाई है। कोर्ट के आदेश पर गोविंद नगर पुलिस ने दो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महाविद्या कॉलोनी के एलआईजी-9 निवासी विवेक बंसल ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि 30 अगस्त को उनके फोन पर कॉल आया। फोनकर्ता ने खुद को फॉर्च्यून पार्क होलीडे संस्था का प्रतिनिधि बताया और कहा कि उसकी संस्था देशभर में घूमने वाले लोगों के लिए पांच सितारा होटलों में रूम बुक कराती है। इसके बाद विवेक ने प्रतिनिधियों को घर बुला लिया। अगले दिन दिल्ली के विश्वकर्मा कॉलोनी स्थित फॉर्च्यून पार्क होलीडे के प्रतिनिधि ओमकार परमार और विक्रम राठौर व्यापारी के घर पहुंच गए। दोनों ने गोवा के किसी पांच सितारा होटल में ठहरने के लिए कम दामों में रूम बुक कराने का झांसा दिया। व्यापारी उनकी बातों में आ गए। इसके एवज में दोनों ने व्यापारी से 1.88 लाख रुपये ले लिए और चले गए। दो अक्तूबर को व्यापारी ने रूम बुक कराने के लिए ओमकार को फोन किया तो वह टालमटोल करने लगा। इसके बाद दोनों ने फोन बंद कर लिया। परेशान होकर व्यापारी ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कोर्ट के आदेश पर दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
